मिडिल ईस्ट वॉर से हिला दुबई, 35% से 45% तक गिरे प्रॉपर्टी रेट, सेलिब्रेटीज कर रहे पलायन, यह देश बन रहा नया ठिकाना

दिल्ली: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से इस समय पूरे विश्व पर ऊर्जा संकट मंडरा रहा है. इसका असर अब दुनिया की कई अन्य चीजों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. मिडल ईस्ट के देश जिस तरह इस युद्ध की चपेट में आए हैं, वहां छोटी से बड़ी लगभग हर चीज पर इसका प्रभाव दिख रहा है. खास तौर पर मिडल ईस्ट का रियल एस्टेट, जो पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ रहा था, अब तेजी से नीचे गिर रहा है.

विशेष रूप से दुबई में रियल एस्टेट की कीमतों में तेज गिरावट देखी जा रही है. इस विषय पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानी-मानी रियल एस्टेट फर्म खन्ना एसोसिएट्स से जुड़ी अलीशा खन्ना ने विस्तार से जानकारी दी और दुबई के मौजूदा हालात पर अपनी राय साझा की.

दुबई सेंट्रल 35% डाउन, अल मरजन 45% गिरा
अलीशा खन्ना ने बताया कि ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनाव का असर मिडल ईस्ट, खासकर यूएई के दुबई के रियल एस्टेट बाजार पर साफ दिख रहा है. उन्होंने कहा कि सेंट्रल दुबई, जिसमें शेख जायेद रोड और बुर्ज खलीफा के आसपास का इलाका शामिल है, वहां संपत्ति की कीमतें करीब 35% तक गिर चुकी हैं. इस इलाके में भारतीय निवेशकों की संख्या भी काफी अधिक है.

उनके अनुसार अगर किसी व्यक्ति ने सेंट्रल दुबई में लगभग 3 करोड़ रुपये का निवेश किया था, तो उसकी संपत्ति की कीमत करीब 35% घट चुकी है. यानी उसे लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये तक का नुकसान हो चुका है और अब उसकी 3 करोड़ रुपये की संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये रह गई है.

यहां हुई 45% तक की गिरावट
उन्होंने आगे बताया कि अल मरजन आइलैंड, जहां एक बड़े कसीनो और पर्यटन परियोजना की योजना थी और जहां रियल एस्टेट में बड़े स्तर पर निवेश हो रहा था, वहां भी अब करीब 45% तक गिरावट दर्ज की गई है. इसके अलावा दुबई में किराए के मकानों की मांग भी तेजी से घटी है और अब तक करीब 75 हजार से 80 हजार बुकिंग रद्द हो चुकी हैं.

सेलिब्रिटी दुबई छोड़ रहे, निवेश अब इन देशों की ओर
अलीशा खन्ना ने बातचीत में यह भी बताया कि दुबई में बड़े रियल एस्टेट निवेशक धीरे-धीरे अपनी निवेश राशि निकाल रहे हैं. उनके अनुसार कई बड़े सेलिब्रिटी, जो दुबई में रह रहे थे, वे भी अब वहां से अपना निवेश हटाकर अन्य देशों की ओर जा रहे हैं. हालांकि उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार किया और कहा कि आने वाले समय में ये नाम अपने आप सामने आ जाएंगे.

यहां किया जा सकता है निवेश
मिडल ईस्ट से निकल रहा निवेश अब साउथ ईस्ट एशिया की ओर बढ़ रहा है. खास तौर पर बैंकॉक और सिंगापुर जैसे शहरों में तेजी से निवेश किया जा रहा है और भारतीय निवेशक भी इन बाजारों में रुचि दिखा रहे हैं. उनके अनुसार इन देशों में 3.5 करोड़ से 4 करोड़ रुपये के बीच अच्छी संपत्ति में निवेश किया जा सकता है.

क्या है कारण
इसके पीछे कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि इन देशों का पर्यटन उद्योग मजबूत है और यहां किसी बड़े संघर्ष की स्थिति नहीं है. इसलिए निवेशकों को यहां निवेश अधिक सुरक्षित लगता है और आने वाले समय में संपत्ति की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना भी बनी रहती है. उन्होंने अंत में यह भी कहा कि दुबई में निवेश करने वाले कई भारतीय अब भारत लौट रहे हैं और दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्रों में भी निवेश कर रहे हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *