Earthquake tremors felt in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को देर रात 9 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब से लेकर जम्मू कश्मीर के कई शहरों में काफी देर तक धरती डोलने की खबर आई. इसके अलावे पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी झटके महसूस किए गए. रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 आंकी गई. seismo.gov.in के अनुसार, इसका केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया. भूकंप के झटके काफी देर तक महसूस किए गए. तेज झटके की वजह से घरों की दीवारों, सोफा, ट्यूब लाइट और पंखे भी डोलते हुए नजर आए. धरती कांपने की वजह से लोग डर के मारे लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल कर भागे.
रात करीब 9.50 बजे आए इन झटकों की खबर कई शहरों से मिली. जिन शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए उनमें पंजाब, नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना और जम्मू-कश्मीर के पुंछ, श्रीनगर और उधमपुर समेत कई दूसरी जगहें शामिल हैं. ताजा जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान में भी इसके झटके महसूस हुए. पाकिस्तान के कई शहरों में भी भूकंप के झटके कुछ देर के लिए महसूस किए गए, जिनमें इस्लामाबाद, पंजाब के कुछ हिस्से, खैबर पख्तूनख्वा, पेशावर और दूसरे इलाके शामिल हैं.
भूकंप के झटके बाद डोलता बल्ब
देर तक डोलती रही धरती
मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पुंछ के साथ कई जिलों में रह रहकर देर तक भूकंप के झटके महसूस होते रहे. भूकंप की तीव्रता इतनी थी कि लोग घबरा गए और घरों से निकलकर दूर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. दिल्ली-NCR में कई इलाकों में इसके झटके महसूस किए गए. कई ऊंची इमारतों में कमरों की सजावट की वस्तुएं डोलने लगीं, जिसके बाद लोग खुले क्षेत्र की ओर निकल भागे. फिलहाल, किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हताहत होने की खबर नहीं है.
लोगों ने शेयर किए रिएक्शन
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भूकंप के अपने अनुभव शेयर किए. एक्स पर एक यूज़र ने लिखा कि उन्होंने कश्मीर में भूकंप महसूस किया और कहा, ‘मैंने पहले कभी इतने तेज़ झटके महसूस नहीं किए.’ दिल्ली के एक और यूज़र ने शेयर किया, ‘झटकों की इंटेंसिटी इतनी ज़्यादा थी कि लोगों के घरों में पंखे और बिस्तर हिलने लगे.’ एक्स पर कुछ और लोगों ने दिल्ली-NCR में दोहरी मार की ओर इशारा किया, क्योंकि भूकंप अचानक हुई बारिश के बीच आया.
भूकंप की गहराई
भूकंप का सेंटर अफ़गानिस्तान के बदख्शां प्रांत में, हिंदू कुश इलाके में पाकिस्तान-ताजिकिस्तान बॉर्डर के पास था. अधिकारियों ने कहा कि भूकंप 150 km की गहराई पर आया. भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई शहरों में भी थोड़ी देर के लिए महसूस किए गए, जिनमें इस्लामाबाद, पंजाब के कुछ हिस्से, खैबर पख्तूनख्वा, पेशावर और दूसरे इलाके शामिल हैं.
