महाराष्ट्र चुनाव: आदित्य ठाकरे को घेरने को शिंदे ने बनाया प्लान, वर्ली सीट पर मिलिंद देवड़ा ठोक सकते हैं ताल
Last Updated:
Aaditya Thackeray Vs Milind Deora: एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने वर्ली विधानसभा सीट पर अपने दांव से मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. माना जा रहा है कि आदित्य ठाकरे के खिलाफ मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतारा जा सकता है.
महाराष्ट्र की वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे बनाम मिलिंद देवड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है.
मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हर पल मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है. वर्ली विधानसभा सीट पर आदित्य ठाकरे की राह में एकनाथ शिंदे ने बड़ी पहाड़ खड़ी करने की प्लानिंग कर ली है. उद्धव ठाकरे के बेटे और पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे आदित्य ठाकरे को वर्ली सीट से घेरने को शिंदे वाली शिवसेना राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतार सकती है. मिलिंद देवड़ा अभी शिंदे वाली शिवसेना के राज्यसभा सांसद हैं.
दरअसल, वर्ली सीट पर एकनाथ शिंदे आदित्यनाथ को वॉकओवर नहीं देना चाहते हैं. अगर शिंदे ऐसा करते हैं तो मिलिंद देवड़ा का मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार आदित्य ठाकरे से होगा. आदित्य ठाकरे ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया. मिलिंद देवड़ा इस समय राज्यसभा सदस्य हैं और दक्षिण मुंबई से तीन बार सांसद रह चुके हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान देवड़ा को वर्ली विधानसभा क्षेत्र को संभालने का जिम्मा सौंपा गया था. आदित्य का निर्वाचन क्षेत्र होने के बावजूद वर्ली विधानसभा में उद्धव वाली शिवसेना यानी यूबीटी को मात्र 6500 मतों की बढ़त मिली थी.
गौरतलब है कि मिलिंद देवड़ा और आदित्य ठाकरे को मनसे के संदीप देशपांडे से भी टक्कर मिल सकती है, जिन्हें इस सीट से टिकट दिया गया है. सत्ताधारी महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) – जिसमें शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार गुट) और कांग्रेस शामिल हैं – ने महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.
भाजपा शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, जबकि सभी 288 सीटों पर मतगणना 23 नवंबर को होगी.
