Last Updated:
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. हमले के बाद घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.
पहले भी आरोपियों ने चाकूबाजी की है. (AI Image)
नई दिल्ली. दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. हमले के बाद घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.
बताया जा रहा है कि यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं था, बल्कि पुरानी रंजिश का मामला है. मृतक के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि उसके भाई रोहन को पहले से ही निशाना बनाया जा रहा था. मोहित के के अनुसार आरोपी पहले भी करीब छह महीने पहले रोहन पर चाकू से हमला कर चुका था, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था और सख्त कार्रवाई नहीं हुई. मोहित ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने रोहन को बुलाया और फिर 3–4 लड़कों के साथ उसे एक तरफ ले गया. वहां ले जाकर उस पर चाकू से हमला किया गया. मोहित का कहना है कि उसने अपनी आंखों से देखा कि उसके भाई रोहन को जबरदस्ती एक तरफ ले जाया जा रहा था और फिर उसे चाकू मार दिया गया.
स्थानीय निवासी सुनीता ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर रोहन पर हमला किया. उनका कहना है कि पहले भी उसी लड़के ने रोहन को चाकू मारा था, लेकिन उस समय मामला आपसी समझौते के नाम पर खत्म कर दिया गया था. उन्होंने बताया कि वह तीन भाइयों में से एक था और अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष की तरफ से सुनियोजित तरीके से हमला किया गया. मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि पहले भी इस मामले को दबाने की कोशिश की गई थी और पुलिस तक बात पहुंचने के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया. आरोपी के परिवार वालों ने मामला शांत करवा दिया था।
परिवार का कहना है कि रोहन अभी सिर्फ 15–16 साल का था और मजदूरी करके अपने घर का खर्च चलाने में मदद करता था. परिजनों के अनुसार रोहन हाल ही में घर लौटा था और अपने परिजनों से मिलने आया था, लेकिन उसी दौरान यह घटना हो गई.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
