Last Updated:
Ghaziabad News: अगर आप अपनी पहली कार खरीदने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बजट की वजह से बार-बार प्लान टल जाता है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. गाजियाबाद आपके इस सपने को पूरा करने का आसान रास्ता बन सकता है. आइए जानते हैं कि सेकंड हैंड कार आपको कहां सही दाम पर मिलेगा.
गाजियाबाद: अगर आप अपनी पहली कार खरीदने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बजट की वजह से बार-बार प्लान टल जाता है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. गाजियाबाद आपके इस सपने को पूरा करने का आसान रास्ता बन सकता है. यहां सेकंड हैंड गाड़ियों की बड़ी और भरोसेमंद मार्केट मौजूद है, जहां कम कीमत में अच्छी कंडीशन वाली कारें आसानी से मिल जाती हैं. यही वजह है कि हर दिन सैकड़ों लोग यहां अपनी पसंद की गाड़ी खरीदने पहुंचते हैं.
गाजियाबाद के अंबेडकर रोड, लोहिया नगर और पटेल नगर जैसे इलाकों में सेकंड हैंड कारों का बड़ा बाजार लगा रहता है. इन जगहों पर छोटी हैच-बैक कारों से लेकर लग्जरी गाड़ियों तक के कई विकल्प मिलते हैं. खास बात यह है कि यहां मिलने वाली ज्यादातर गाड़ियां पूरी कागजी प्रक्रिया के साथ दी जाती हैं, जिससे खरीददार को किसी तरह की परेशानी नहीं होती. कुछ डीलर्स तो पुरानी गाड़ियों पर सीमित समय की वारंटी भी देते हैं, जिससे लोगों का भरोसा और बढ़ जाता है.
मार्केट एक बेहतरीन विकल्प
मेरठ रोड स्थित अप्पू कार बाजार के मालिक कामरान बताते हैं कि जिन लोगों का बजट नई कार खरीदने की अनुमति नहीं देता, उनके लिए यह मार्केट एक बेहतरीन विकल्प है. यहां करीब 1 लाख रुपये से लेकर कई लाख रुपये तक की गाड़ियां उपलब्ध हैं. ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार आसानी से कार चुन सकते हैं. ऑल्टो जैसी किफायती कार से लेकर बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियां भी यहां सेकंड हैंड में मिल जाती हैं.
उन्होंने बताया कि सिर्फ प्राइवेट कार ही नहीं, बल्कि कमर्शियल गाड़ियों के भी कई विकल्प यहां मौजूद हैं. अगर किसी ग्राहक को बजट की समस्या होती है, तो कई डीलर्स फाइनेंस यानी लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं. इससे कम पैसे में भी लोग अपनी पसंद की गाड़ी घर ले जा सकते हैं. इसके अलावा समय-समय पर खास ऑफर्स और छूट भी दी जाती है. खासकर त्योहारों के दौरान ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ मिलता है.
कम बजट में भी अच्छी गाड़ी
आज के समय में सेकंड हैंड कार खरीदना पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित और आसान हो गया है. सही जानकारी और थोड़ी सावधानी के साथ लोग कम बजट में भी अच्छी गाड़ी खरीद सकते हैं. गाजियाबाद की यह मार्केट न सिर्फ लोगों के सपनों को साकार कर रही है, बल्कि उन्हें किफायती और भरोसेमंद विकल्प भी दे रही है. ऐसे में अगर आप भी कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो गाजियाबाद की सेकंड हैंड कार मार्केट आपके लिए एक शानदार मौका साबित हो सकती है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
