Last Updated:
एलजी ने कहा कि एक हफ्ते के अंदर एक्शन प्लान जमीन पर एकदम लागू होना चाहिए. प्रशासन ने सभी डीएम को इस अहम काम में लीड रोल निभाने का ऑर्डर दिया है. सभी जरूरी उपाय एकदम समय पर लागू करना डीएम की जिम्मेदारी होगी. हीटवेव के दौरान संवेदनशील समूहों की सुरक्षा पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इस भीषण गर्मी से बचाने के लिए खास तैयारी है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर में 44 डिग्री तक पारा पहुंच सकता है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. दिल्ली में आगामी हीटवेव को देखते हुए सोमवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एक सप्ताह के भीतर एक्शन प्लान को ज़मीन पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए.
प्रशासन ने सभी जिला मजिस्ट्रेट (DM) को निर्देश दिया है कि वे कार्यान्वयन में नेतृत्व भूमिका निभाएं और सुनिश्चित करें कि सभी उपाय समय पर लागू हों. हीटवेव के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रमिकों जैसे संवेदनशील समूहों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है. सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी, शेड और राहत उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे. इसके साथ ही श्रमिकों के लिए काम के समय में बदलाव और विश्राम व्यवस्था पर भी ध्यान रहेगा.
अत्यधिक गर्मी में पशु-पक्षियों की देखभाल को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर के सभी जीवों को राहत मिल सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी विभागों की प्रगति पर कड़ी नजर रखी जाएगी और बेहतर समन्वय के साथ हर जिम्मेदारी को पूरा किया जाएगा. दिल्ली सरकार हीटवेव के खतरे को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तैयारी में जुट गई है, ताकि शहर के सभी नागरिकों और जीव-जंतुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
दूसरी ओर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. पूरे दिन भीषण हीट वेव का असर देखने को मिलेगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय तेज सतही हवाएं चलेंगी और लू का प्रकोप चरम पर रहेगा. शाम के समय भी गर्म हवाओं का असर बना रहेगा. विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है. 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है. इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है. साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है. 29 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा, जिसमें अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है.
30 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इस दिन तापमान 38 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है. 1 मई और 2 मई को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान नियंत्रित रहेगा. इन दिनों अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है.
About the Author
आज तक से टीवी पत्रकारिता शुरू करने वाली प्रियंका कांडपाल को अब तक तकरीबन 11 साल का अनुभव है. तकरीबन चार साल आज तक में रिपोर्टिंग के साथ एंकरिंग भी कर चुकी हैं. उसके बाद इंडिया टीवी में पांच साल तक काम किया. 201…और पढ़ें
