Last Updated:
दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामले में एक डॉक्टर ने अपनी नौकरानी को पहले बैट से पीट-पीट कर बेहोश कर दिया, फिर चाकू से गोद कर उसकी जान ले ली. क्या है पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें आगे…
दिल्ली में एक डॉक्टर ने अपनी नौकरानी की पीट-पीट कर हत्या कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह की है. आरोपी डॉक्टर के पड़ोस में रहने वाले एक शख्स ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस टीम ने मौके पर पाया कि करीब 45 वर्षीय एक महिला लहुलुहान हालत में फर्श पर पड़ी हुई है. महिला के पास एक शख्स बैठा हुआ है. पुलिस ने इस शख्स को हिरासत में लेकर पीडि़त महिला को समीपवर्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि महिला की पहचान 45 वर्षीय मीणा के तौर पर की गई है. वहीं, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय डॉ. मनीष गुप्ता के रूप में हुई है. वह पेशे से त्वचा रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) हैं. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने मीना पर हमला करने की बात स्वीकार की है. आरोपी ने पहले महिला पर बैट से हमला किया. इसके बाद उसने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी.
डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए बैट और चाकू को बरामद कर लिया गया है. पुलिस की एक अन्य टीम भी मौके की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी सबूत जुटाए जा सकें. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है. अभी तक हत्या के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. उन्होंने कहा कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें
