MCD Mayor: दिल्ली में मेयर पद का चुनाव आज, बीजेपी पार्षद प्रवेश वाही की जीत लगभग तय

Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम के नए मेयर का फैसला आज हो जाएगा. एमसीडी में आज मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होने जा रहा है. 29 अप्रैल, बुधवार को एमसीडी हाउस की बैठक के दौरान सिविक सेंटर में दोपहर 2 बजे दिल्ली का नया महापौर चुना जाएगा. हालांक‍ि बीजेपी के प्रवेश वाही का महापौर बनना लगभग तय है.

मेयर पद के लिए दिल्ली एमसीडी में भाजपा और कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश की है. हालांकि दोनों में से यह सीट बीजेपी के पक्ष में जाने की संभावना इसलिए भी बन रही है क्योंकि आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव से खुद को अलग कर लिया है और दोनों पदों पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है.

महापौर और उप महापौर के पदों के अलावा आज स्थायी समिति (Standing Committee) के तीन खाली पदों के लिए भी चुनाव कराए जाएंगे.

बीजेपी का चेहरा प्रवेश वाही 

भाजपा ने मेयर पद के लिए वर्तमान लीडर ऑफ द हाउस और रोहिणी-ई वार्ड के पार्षद प्रवेश वाही को खड़ा किया है जबकि आनंद विहार वार्ड की पार्षद मोनिका पंत को डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है. दोनों उम्मीदवारों ने 23 अप्रैल को एमसीडी के इन पदों के लिए नामांकन दाखिल किया था.

बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस ने भी ताल ठोक दी है, जबकि कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है फिर भी कांग्रेस ने कबीर नगर वार्ड के पार्षद मोहम्मद जरिफ को मेयर पद और मुबारिकपुर वार्ड के पार्षद राजेश कुमार गुप्ता को डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है.

सबसे खास बात है कि इस बार मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनावों से आम आदमी पार्टी (AAP) ने खुद को एकदम अलग रखा है और कोई उम्मीदवारी पेश नहीं की है. इसके साथ ही इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) ने भी कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है.

क्‍या कह रहे समीकरण

बीजेपी के पास एमसीडी में पर्याप्त संख्याबल मौजूद है, वहीं आप ने इस चुनाव से खुद को समेट लिया है, इसी समीकरण को देखते हुए पूरी संभावना जताई जा रही है कि यह सीट BJP को आसानी से मिल सकती है.

बता दें कि नगर निगम दिल्ली हाउस में कुल 250 पार्षदों में BJP के पास 123 पार्षद हैं, जबकि AAP के पास 100 हैं. कांग्रेस के केवल 9 पार्षद हैं. मेयर चुनाव में पार्षदों के अलावा सांसद और विधायक भी मतदान करते हैं. इस लिहाज से BJP के पास लगभग 141 वोट हैं, जबकि AAP के पास 106 वोट. ऐसे में BJP उम्मीदवार प्रवेश वाही के मेयर बनने की राह काफी आसान है. यह लगातार दूसरा साल होगा जब दिल्ली को बीजेपी का मेयर मिलेगा.

प्रवेश वाही कर चुके हैं ये ऐलान
गौरतलब है कि प्रवेश वाही ने नामांकन के दौरान दिल्ली की बेहतरी को लेकर कई ऐलान किए. उन्होंने कहा कि कचरा साफ करना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी. MCD में लंबे समय से कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, पानी और सीवर की समस्याएं प्रमुख मुद्दे बनी हुई हैं. नया मेयर इन चुनौतियों से निपटने की जिम्मेदारी संभालेगा.

आज के चुनाव के नतीजे दिल्ली की स्थानीय राजनीति पर असर डालेंगे. BJP की जीत से पार्टी MCD पर अपनी पकड़ और मजबूत कर लेगी, जबकि कांग्रेस केवल प्रतीकात्मक विरोध तक सीमित रह सकती है. AAP के न चुनाव लड़ने के फैसले पर भी सवाल उठ रहे हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *