Last Updated:
गाजियाबाद मेरठ रोड स्थित दुहाई स्टेशन के पास मैनापुर मोरटा इलाके में पेंट फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में अचानक आग लग गई. आग फैक्ट्री के बाहर रखे खाली केमिकल ड्रमों की वजह से लगी थी.वही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।
गाजियाबाद; गाजियाबाद मेरठ रोड स्थित दुहाई स्टेशन के पास एक ऐसी घटना घटी, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया. दरअसल यहां मैनापुर मोरटा इलाके में शुक्रवार (08 मई, 2026) की दोपहर एक पेंट फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में अचानक आग लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि यह आग फैक्ट्री के बाहर रखे खाली केमिकल ड्रमों की वजह से लगी थी. वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
सड़क किनारे उठीं आग की ऊंची लपटें
बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक केमिकल फैक्ट्री के बाहर धुआं उठता दिखाई दिया. वहीं देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सड़क किनारे खड़े ड्रमों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटें देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस समय फैक्ट्री बंद थी और फैक्ट्री के बाहर खाली ड्रम, केमिकल कंटेनर और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था. इसी दौरान ड्रम में लीकेज होने के कारण आग तेजी से फैल गई.
दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
वहीं फायर स्टेशन कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली, जिसके बाद घंटाघर और अन्य फायर स्टेशनों से दमकल की 4 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया. वहीं सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि आग केमिकल ड्रमों तक पहुंच चुकी थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी. ऐसे में फोम टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया.
सूखी घास भी आई आग की चपेट में
वहीं आग की वजह से सड़क किनारे मौजूद सूखी घास और कचरा भी जलने लगा, जिससे धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया. हालांकि दमकल विभाग की सतर्कता के चलते आग को आसपास की दूसरी फैक्ट्रियों और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
About the Author
Shivani Gupta is a Media Professional with 3 years of experience in reporting, content writing and production. She has worked with reputed media organizations like News18, Hindustan Times, DEN Kashi and The L…और पढ़ें
