Last Updated:
मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत हो गयी. तीनों एक दूसरे को बचाने के लिए नीचे उतरे थे. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दमकल की गाड़ी रास्ते में जाम में फंस गयी थी. पुलिस के अनुसार लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नई दिल्ली. दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार दोपहर हुए हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई. तीनों मजबूर फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरे थे, तभी जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. लोगों ने इसक सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. तीनों के शव बाहर निकाले गए.
दमकल विभाग के अनुसार दोपहर करीब 12.03 बजे सूचना मिली कि ज्वाला पुरी क्षेत्र की फैक्ट्री नंबर 93/8, मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में कुछ लोग सेप्टिक टैंक के अंदर फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. रास्ते में ट्रैफिक जाम होने के कारण टिकरी की ओर से एक और दमकल की गाड़ी भेजी गई. बाद में एसडीएम भी मौके पर पहुंचे.
तीनों एक दूसरे को बचाने गए थे
शुरुअती जांच में पता चला कि सबसे पहले एक मजदूर सेप्टिक टैंक में उतरा था. कुछ देर तक उसके बाहर नहीं आने पर दूसरा और फिर तीसरा मजदूर उसे बचाने के लिए नीचे गया. लेकिन टैंक में मौजूद जहरीली गैस की वजह से तीनों बेहोश होकर वहीं गिर पड़े. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
एक ही जगह रहने वाले थे तीनों
मृतकों की पहचान अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है. तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले थे. हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए. घटना के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मुंडका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस जांच कर यह पता लगा रही है कि सेप्टिक टैंक में उतरने से पहले जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं. यदि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
