Last Updated:
आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष रानी गौतम ने कहा कि त्रि-दिवसीय धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं.
नोएडा सेक्टर-105 के श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न.
नोएडा के सेक्टर-105 स्थित श्रीकल्याण सुंदरम शिव मंदिर में मंगलवार को भक्तिमय वातावरण के बीच शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई. पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष और शिव भजनों की गूंज सुनाई दी. इस अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान और विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भव्य प्रभात फेरी के साथ हुई. आरडब्ल्यूए महासचिव राजीव दुबलिश ने बताया कि गाजे-बाजे और शिव भजनों के साथ निकाली गई प्रभात फेरी ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया. श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में डूब गया.
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने बताया कि प्रभात फेरी के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधिवत हवन-यज्ञ और पूजन शुरू हुआ. विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव परिवार की प्रतिमाओं का अभिषेक किया गया और शास्त्रोक्त विधि से प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई. इसके बाद महादेव और शिव परिवार की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
धार्मिक अनुष्ठान के पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. आरडब्ल्यूए कोषाध्यक्ष करण मनोचा ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. भंडारे और आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आरडब्ल्यूए सदस्य लगातार सक्रिय रहे.
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए समिति के सदस्य उमेश माथुर, महेश चौहान, नवीन पालीवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
