Last Updated:
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती भीषण गर्मी को लेकर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता सिंगला ने माइग्रेन मरीजों को सावधान रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ऐसे मरीजों को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. तेज धूप और गर्मी माइग्रेन की समस्या को बढ़ा सकती है.
दिल्ली: उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. तापमान कई इलाकों में 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि दिन के समय कुछ जगहों पर पारा 43 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है. तेज गर्मी और लू के कारण लोगों की तबीयत भी तेजी से खराब हो रही है. अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. खासकर माइग्रेन के मरीज इस मौसम में ज्यादा परेशान हो रहे हैं.
माइग्रेन मरीजों की परेशानी बढ़ी
द्वारका स्थित मणिपाल अस्पताल की वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता सिंगला ने बताया कि इस बार गर्मी का असर पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान की वजह से पुराने माइग्रेन मरीजों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं, नए मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं.
दोपहर में बाहर निकलने से बचें
डॉ. श्वेता सिंगला के अनुसार, माइग्रेन के मरीजों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचना चाहिए. उन्होंने बताया कि माइग्रेन के मरीज तेज रोशनी और गर्मी के प्रति काफी संवेदनशील होते हैं. ऐसे में तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में आने से सिरदर्द और अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े, तो मरीजों को शरीर को पूरी तरह ढककर और पूरी सावधानी के साथ बाहर जाना चाहिए. धूप से बचने के लिए छाता, टोपी या कपड़े का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है.
खानपान और नींद का रखें ध्यान
डॉ. सिंगला ने सलाह दी कि माइग्रेन के मरीजों को इस समय खुद को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. बाहर जाते समय हमेशा पानी की बोतल साथ रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें. उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाली मीठी और गैस वाली ड्रिंक्स से बचना चाहिए, क्योंकि इससे माइग्रेन की समस्या और बढ़ सकती है.
पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी
इसके अलावा समय पर खाना खाना और पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या माइग्रेन को ट्रिगर कर सकती है. इसलिए सही समय पर भोजन और अच्छी नींद लेने से इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें
