Last Updated:
Aaj Ka Mausam- IMD के मुताबिक दिल्ली एनसीआर और हरियाणा में 28 मई तक हीटवेव चलेगी. तापमान 46 डिग्री तक जाने की संभावना है. दिन में ही नहीं रात में राहत मिलने वाली नहीं है. रात में गर्म है. लोगों को धूप से बचने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी गयी है.
दिल्ली एनसीआर वालों को तापमान से अभी राहत नहीं.
नई दिल्ली. भीषण गर्मी से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए अच्छी खबर नहीं है. आसमानी गर्मी और लू का कहर अभी थमने वाला नहीं है. मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि दिल्ली एनसीार में 28 मई तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है. शुक्रवार को लगातार चार दिन चली हीटवेव का सिलसिला भले थोड़ा कमजोर पड़ा, लेकिन गर्मी से लोगों को कोई बड़ी राहत नहीं मिलने वाली नहीं है.
IMD के अनुसार शनिवार को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली एनसीआर हल्की गरज-चमक और बादल बनने की संभावना है. इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन यह राहत अस्थायी होगी. रविवार से फिर पारा तेजी से चढ़ने लगेगा और अगले छह दिनों तक तेज गर्मी बनी रहेगी.
46 डिग्री तक जाएगा तापमान
आईएमडी ने शनिवार से 28 मई तक दिल्ली के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि रविवार से 28 मई तक तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की आशंका है.
रात में भी राहत नहीं
रात के तापमान में भी राहत नहीं मिल रही है. शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा. इससे पहले गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही थी, जब न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. यह मई 2012 के बाद सबसे गर्म रातों में से एक मानी जा रही है.
हरियाणा का असर दिल्ली एनसीआर में
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा. वहीं उत्तर दिल्ली के रिज इलाके में पारा 44.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो राजधानी में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर ही नहीं हरियाणा में भी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी महसूस किया जा रहा है.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
