Last Updated:
Delhi News: देश में अवैध तरीके से रहने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है. इसी क्रम में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
दिल्ली पुलिस ने अवैध तरीके से रह रहे 6 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है.
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पश्चिम जिला इकाई की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने भारत में अवैध रूप से रह रहे छह विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके खिलाफ निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह कार्रवाई विदेशी नागरिकों द्वारा वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से निवास करने के मामले में की गई.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वसंत कुंज नॉर्थ थाने में दर्ज नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) अधिनियम के एक मामले की जांच के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर की गई. जांच के दौरान छह विदेशी नागरिक पुलिस के संदेह के दायरे में आए, जिसके बाद उनकी पहचान और आव्रजन संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच शुरू की गई. इस अभियान के लिए एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी. पूरी कार्रवाई एसीपी (ऑपरेशन) संघमित्रा की निगरानी में संचालित की गई. पुलिस को दक्षिण-पश्चिम जिले में कुछ विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच की.
वैलिड वीजा नहीं
प्रारंभिक पूछताछ में इन लोगों ने स्वयं को नाइजीरिया और आइवरी कोस्ट का नागरिक बताया. उन्होंने दावा किया कि वे पर्यटक और व्यावसायिक वीजा पर भारत आए थे तथा उनके वीजा दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए संबंधित दूतावासों में जमा हैं. हालांकि, पुलिस द्वारा आव्रजन विभाग (Immigration Department) से कराए गए सत्यापन में पता चला कि सभी छह विदेशी नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रहे थे और उनके पास कोई वैध वीजा दस्तावेज नहीं था. हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान आइवरी कोस्ट की कमासोको आइचा सिला तथा नाइजीरिया के प्रॉमिस ओक्वाजे, मैरीएन न्वांजे, ओमोटोला इशोला सिदीक, इमैनुएल चिबुइके म्मुओ और न्जूबेचुक्वू केनेथ अगिगाओनी के रूप में हुई है.
सख्त कदम उठाने की बात
पुलिस ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद नई दिल्ली स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के माध्यम से उनके निर्वासन की नई कार्यवाही शुरू कर दी गई है. दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आव्रजन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. पुलिस के अनुसार, ऐसे अभियान सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों के विश्वास को भी बढ़ाते हैं.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें
