नई दिल्ली. टी20 की खुमारी खत्म होने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम इंडिया के कप्तान ने कमर कसना शुरु कर दिया है और एक ऐसे गेंदबाज को बतौर नेट बॉलर टीम में शामिल करने के लिए ,सेलेक्टर्स को बोला है जो इस आईपीएल सीजन में एक भी मैच नहीं खेला. सनराइजर्स हैदराबाद के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भारतीय टेस्ट टीम से एक अप्रत्याशित बुलावा मिला है.
26 वर्षीय जीशान अंसारी को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के नेट बॉलर के रूप में शामिल किया गया है. अफगानिस्तान की टीम स्पिन गेंदबाजी पर काफी निर्भर करती है, ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट और कप्तान शुभमन गिल ने अंसारी को नेट्स में शामिल कर बल्लेबाजों को उसी तरह की चुनौती के लिए तैयार करने का फैसला किया है. अंसारी के कोच गोपाल सिंह ने बातचीत में कहा, “जी हां, जीशान आज शाम चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं और कल सुबह टीम के नेट सेशन में शामिल होंगे.
अफगान स्पिनर्स से निपटने की तैयारी
अफगानिस्तान की टीम स्टार लेग स्पिनर राशिद खान के बिना मैदान में उतरेगी, लेकिन उनके पास अब भी एक मजबूत स्पिन अटैक मौजूद है. इनमें लेग स्पिनर क़ैस अहमद शामिल हैं, जिनकी विविधता और गुगली बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. मुल्लांपुर स्टेडियम ने अब तक कोई टेस्ट मैच आयोजित नहीं किया है, ऐसे में पिच का व्यवहार भी एक बड़ा सवाल है. ऐसे में अंसारी को शामिल करना भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ बेहतर तैयारी कराने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
क्यों खास हैं जीशान अंसारी?
जीशान अंसारी की सबसे बड़ी ताकत उनकी गुगली है. वह इस गेंद को काफी आत्मविश्वास और नियंत्रण के साथ फेंकते हैं, जिससे बल्लेबाज अक्सर भ्रमित हो जाते हैं. कई बार बल्लेबाज उनकी गुगली को पढ़ नहीं पाते और गलत शॉट खेल बैठते हैं, जिसका फायदा अंसारी उठाते हैं. कोच गोपाल सिंह ने आगे कहा, “भले ही अफगानिस्तान के पास राशिद खान नहीं हैं, लेकिन उनकी टीम में चार स्पिनर शामिल हैं. ऐसे में अंसारी की गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों को धीमी पिच पर बेहतर तैयारी करने में मदद करेगी.
आईपीएल में नहीं खेले एक भी मैच
यह फैसला इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि IPL 2026 में जीशान अंसारी को सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला. टीम ने तेज गेंदबाजी आक्रमण को प्राथमिकता दी, जिसमें साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे जैसे गेंदबाज शामिल थे. स्पिन विकल्प के तौर पर SRH ने हर्ष दुबे और शिवांग कुमार पर भरोसा जताया, जो बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते थे.
जीशान का करियर
जीशान अंसारी उसी भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जिसमें ईशान किशन, ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी शामिल थे. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया था. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 8 मैचों में 21 विकेट लिए, और 16.52 की औसत के साथ वह सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे. कुल मिलाकर, भले ही अंसारी को IPL में मौका न मिला हो, लेकिन उनकी प्रतिभा और खासकर उनकी गुगली ने उन्हें भारतीय टीम के दरवाजे तक पहुंचा दिया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह आगे इस मौके को किस तरह भुनाते हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारत की टीम इस प्रकार है:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
