Last Updated:
Delhi B&B Hotel Fire: दिल्ली मालवीय नगर के जिस होटल में आग लगने की वजह से 21 लोगों की दर्दनाक तरीके से मौत हुई, उसके मालिक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ताजा जानकारी के मुताबिक पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. साथ ही ये जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही वह किस हैसियत से 6 कमरों की परमिशन पर 25 कमरों का होटल कैसे चला रहा था.
मालवीय नगर होटल अग्निकांड का गुनहगार लवकेश बजाज गिरफ्तार
Delhi Malviya Nagar: दिल्ली के मालवीय नगर (हौज रानी) इलाके में हुए दर्दनाक अग्निकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. घटना के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. गुरुवार को होटल ‘फ्लोरिश स्टे’ (Flourish Stay/B&B) में भीषण आग लगने से 17 विदेशियों सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस ने घटना के बाद लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि पति-पत्नी देश छोड़कर फरार न हो जाएं. ताजा जानकारी के मुताबिक, लवकेश से पूछताछ हो रही है. इस होटल को केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति थी, लेकिन यहां कथित तौर पर 20-25 कमरे अवैध रूप से चलाए जा रहे थे.
इस मामले की जांच में सिस्टम की बड़ी नाकामी और होटल मालिक के लालच की चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई है. आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, इस गेस्ट हाउस (मकान नंबर 269-C-2) को दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 3 मई 2024 को ‘सिल्वर कैटेगरी’ के तहत ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (B&B) योजना का लाइसेंस दिया गया था. 2 मई 2027 तक वैध इस सर्टिफिकेट में साफ तौर पर केवल पहली और दूसरी मंजिल पर कुल 6 कमरे (तीन-तीन कमरे) चलाने की इजाजत थी. लेकिन, ज्यादा पैसे कमाने की अंधी दौड़ में मालिक ने 5 मंजिला इमारत और बेसमेंट को मिलाकर 20 से 25 कमरे अवैध रूप से बना रखे थे.
जान गंवाने वालों में सबसे ज्यादा विदेशी
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 21 लोगों में 17 विदेशी नागरिक शामिल थे. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश जैसे देशों से ये लोग पास ही स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अपना या अपने परिजनों का इलाज कराने भारत आए थे. अस्पताल के करीब होने के कारण वे तीमारदार या मरीज के रूप में इस गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे, जो उनके लिए मौत का कुआं साबित हुआ.
न ‘फायर NOC’, न बाहर निकलने का रास्ता
इस होटल की बनावट किसी ‘गैस चेंबर’ से कम नहीं थी. सुरक्षा मानकों को पूरी तरह से ताक पर रखा गया था. बहुमंजिला इमारत के पास अग्निशमन विभाग की फायर एनओसी (Fire NOC) तक नहीं थी. पुलिस का मानना है कि बेसमेंट में एक अवैध किचन और रेस्टोरेंट चल रहा था, जहां से आग भड़की और कुछ ही मिनटों में लपटें व जहरीला धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया. इमारत में अंदर जाने और बाहर आने के लिए महज एक ही संकरा रास्ता था. जब लोगों को भागने का कोई विकल्प नहीं मिला, तो जान बचाने की जद्दोजहद में कई विदेशी नागरिक दूसरी और तीसरी मंजिल की खिड़कियों से नीचे कूद गए. सड़क पर गद्दे बिछाए जाने के बावजूद ऊंचाई से गिरने के कारण कई लोगों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए.
अन्य होटलों की भी हो रही जांच
इस बड़े अग्निकांड के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है. मालवीय नगर इलाके में ही लवकेश बजाज द्वारा चलाए जा रहे अन्य होटलों- जैसे ‘लेमन ग्रीन’ और ‘फ्लोरिश इन’ को भी जांच के दायरे में ले लिया गया है. पुलिस गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर यह जांच कर रही है कि प्रशासन की नाक के नीचे इतने बड़े पैमाने पर नियमों की धज्जियां किसकी शह पर उड़ाई जा रही थीं. पुलिस जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी कर सकती है.
About the Author
Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें
