IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड: शरीर पर किए थे 51 वार, फिर एसिड से जला दिया था चेहरा, कल आएगा कोर्ट का फैसला

IB Officer Ankit Sharma Murder Case: साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान हुए आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के हत्याकांड की सुनवाई अब अपने अंतिम पड़ाव पर है_ दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट कल इस मामले में अपना फैसला सुनाएगी. इस केस में पूर्व एमसीडी पार्षद ताहिर हुसैन सहित 11 लोग आरोपी हैं.

आपको बता दें कि यह घटना 25 फरवरी 2020 की है. इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में तैनात अंकित शर्मा शाम करीब 5 बजे घर का सामान लाने के लिए निकले थे. इसके बाद वह लंबे समय तक वापस नहीं लौटे. परिजनों को तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला. अगले दिन यानी 26 फरवरी 2020 को अंकित के पिता रविंद्र कुमार ने दयालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

बाद में स्थानीय लोगों ने बताया कि चांद बाग पुलिया के पास खजूरी खास नाले में एक युवक का शव फेंका गया है. पुलिस ने जब शव बरामद किया तो दृश्य अत्यंत क्रूर था. अंकित शर्मा के शरीर से कपड़े गायब थे और वह सिर्फ अंडरवियर में था.

शरीर में मिले थे 51 घाव, एसिड से जला था चेहरा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, अंकित शर्मा के शरीर पर कुल 51 घाव थे, जो धारदार हथियारों के थे. रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई और बार-बार वार किए गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि हत्यारों ने अंकित की पहचान छुपाने के लिए उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों को एसिड जला दिया था. शव को नाले में फेंकने से पहले उसकी शिनाख्त पूरी तरह से मिटाने की कोशिश की गई थी.

क्या है FIR की मुख्य बातें?

पिता रविंद्र कुमार की शिकायत के आधार पर 26 फरवरी 2020 को दयालपुर थाने में केस दर्ज कराया गया था. एफआईआर में आरोप लगाया गया कि चांद बाग पुलिया और मुख्य करावल नगर रोड पर सीएए विरोधी और समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच 2-3 दिनों से झड़पें हो रही थीं, जिसमें पथराव, पेट्रोल बम और फायरिंग हुई. तत्कालीन पार्षद ताहिर हुसैन का कार्यालय इसी रोड पर स्थित था, जहां उन्होंने गुंडों को इकट्ठा किया था. आरोप है कि ताहिर हुसैन की इमारत की छत से पथराव, पेट्रोल बम फेंके गए और गोलियां चलाई गईं.

मामले में कौन-कौन हैं आरोपी
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पूर्व एमसीडी पार्षद और आप नेता ताहिर हुसैन सहित 11 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है. आरोपियों में मोहम्मद ताहिर हुसैन (मुख्य आरोपी), हसीन उर्फ मुलाजी उर्फ सलमान, नाजिम, कासिम, समीर खान, अनस, फिरोज, जावेद, गुलफाम, शोएब आलम उर्फ बॉबी, मुंतजिम उर्फ मूसा शामिल हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *