91 KMPH की तूफानी हवा से करोड़ों दिल्‍लीवालों को मिला सुकून, जून में मिली ऐसी राहत, किसी ने सोचा तक नहीं

होमताजा खबरDelhi

91 KMPH की तूफानी हवा से करोड़ों दिल्‍लीवालों को मिला सुकून, शिमला जैसा मौसम

Last Updated:

IMD Delhi Weather News: दिल्‍ली में इन दिनों मौसम के विविध तेवर देखने को मिल रहे हैं. कभी पसीना टपकाउ गर्मी तो कभी तूफानी हवा के साथ बारिश. गुरुवार 4 जून 2026 का दिन भी दिल्‍लीवालों के लिए कुछ ऐसा ही रहा. अचानक से आसमान काला हो गया और तकरीबन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं. इसके साथ ही तेज बारिश भी हुई. इस वजह से गर्मी से राहत मिली.

दिल्‍ली में गुरुवार 4 जून 2026 को तूफानी मौसम था. बवंडर उठाने वाली हवा के साथ बारिश होने से करोड़ों दिल्‍लीवालों को भीषण गर्मी से राहत मिली. (फोटो: PTI)

IMD Delhi Weather News: भीषण गर्मी से जूझ रही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों को गुरुवार शाम तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ बड़ी राहत मिली. दिन में जहां दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शाम को आए तेज तूफान और बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. कुछ क्षेत्रों में महज कुछ घंटों के भीतर पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया. इससे भीषण गर्मी से झुलस रहे लाखों-करोड़ों दिल्‍लीवालों ने राहत की सांस ली.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिन में जारी किए गए येलो अलर्ट को शाम करीब सात बजे ऑरेंज अलर्ट में अपग्रेड करना पड़ा, क्योंकि दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ तेज बारिश और आंधी की गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी थीं. बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने गर्मी का असर काफी हद तक कम कर दिया. बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शाम 5:30 बजे तक अयानगर में सबसे अधिक 27.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके बाद मयूर विहार में 24.5 मिमी और रिज क्षेत्र में 19 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. प्रगति मैदान में 12.8 मिमी, पालम में 10.7 मिमी, पूसा में 8 मिमी, लोधी रोड में 4 मिमी और नजफगढ़ में 1.5 मिमी बारिश हुई. सफदरजंग, जिसे दिल्ली के मौसम का प्रतिनिधि केंद्र माना जाता है, वहां केवल 1.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पीतमपुरा में 0.5 मिमी बारिश हुई.

माहौल हुआ कूल-कूल

बारिश और आंधी के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली. अयानगर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 22.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, यानी करीब 19 डिग्री की कमी दर्ज की गई. दादरी में तापमान 15.7 डिग्री तक गिरा, जबकि पुष्प विहार और मयूर विहार में भी पारे में 14 से 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई. सफदरजंग में तापमान 40 डिग्री से घटकर 31 डिग्री सेल्सियस रह गया. आंधी के दौरान तेज हवाओं ने भी लोगों का ध्यान खींचा. सबसे अधिक 91 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा दादरी में चली. पालम में 65 किलोमीटर प्रति घंटे और सफदरजंग में 36 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम हवा दर्ज की गई.

आज के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है. हालांकि, रविवार से तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू होने के संकेत हैं. दिलचस्प बात यह रही कि बारिश के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ. गुरुवार को राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 164 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *