Last Updated:
पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया है. मालवीय नगर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, जांच में पता चला है कि होटल को केवल छह कमरों की अनुमति होने के बावजूद 25 कमरे बनाए गए थे. पुलिस की कई टीम होटल मालिक के सहयोगी जय मिश्रा का पता लगाने के लिए काम कर रही हैं, जो घटना के बाद से फरार है.
मालवीय नगर के होटल में आग लगने से कई विदेशी सहित 22 लोगों की मौत हो गई. (पीटीआई)
देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हाल ही में लगी भीषण आग के मामले में गिरफ्तार किए गए राज्य के एक निवासी के मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री से बात की है. बुधवार को हुए इस अग्निकांड में 22 लोगों की मौत हो गई थी. धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात कर होटल में रसोइये के रूप में काम करने वाले आरोपी केशव नेगी के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की.
रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में धामी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा और जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही की जाएगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगी ताकि सच्चाई का पता चल सके. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने नेगी की बेटी से भी बात की और उसे हर संभव सहायता का आश्वासन दिया, साथ ही कहा कि उनकी सरकार देश भर में प्रवासी उत्तराखंड समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है.
इस बीच, उत्तराखंड कांग्रेस ने गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे दिल्ली सरकार और पुलिस द्वारा असली दोषियों को बचाने का प्रयास बताया है. उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गिरफ्तारी के आधार पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेगी होटल में केवल रसोइये के रूप में कार्यरत था और अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल के लिए उसपर कोई जिम्मेदारी नहीं थी.
‘फेसबुक’ पर एक वीडियो संदेश में गोदियाल ने कहा कि आग लगने के दौरान लोगों का सुरक्षा के लिए भागना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि जांच में इस बात पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए कि क्या होटल में आग बुझाने की उचित व्यवस्था थी और क्या स्थानीय नगर निगम निरीक्षकों ने अपना कर्तव्य निभाया था. उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड के 10 लाख से अधिक प्रवासियों के खिलाफ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को नेगी को गिरफ्तार कर लिया. जांचकर्ताओं का आरोप है कि प्रारंभिक निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि बुधवार सुबह लगी आग में उसकी लापरवाही की भूमिका हो सकती है. दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को नेगी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. बीते तीन जून की सुबह होटल में लगी भीषण आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 16 वर्षीय एक किशोरी सहित 22 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
