Last Updated:
Tips to Control Underarm Smell: अंडरआर्म्स की बदबू का मुख्य कारण बैक्टीरिया होते हैं. ये बैक्टीरिया जब पसीने के साथ मिल जाते हैं, तब दुर्गंध पैदा करते हैं. अंडरआर्म्स में पसीना ज्यादा आता है, तो बदबू भी ज्यादा आती है. अगर आप नहाने के बाद अंडरआर्म्स में फिटकरी रगड़ लें, तो इस बदबू से कई घंटों तक राहत मिल सकती है.
नहाने के बाद अंडरआर्म्स में फिटकरी लगाने से कई घंटों तक बदबू नहीं आती है.
Natural Ways to Fight Sweat Odor: गर्मी के मौसम में पसीना आना एक कॉमन समस्या है, जिससे हर कोई जूझता है. अंडरआर्म्स में पसीना ज्यादा आता है, तो उस हिस्से से पसीने में ज्यादा बदबू आती है. कुछ लोगों के लिए अंडरआर्म्स से आने वाली बदबू शर्मिंदगी का कारण बन जाती है. कई बार महंगे डियोड्रेंट और परफ्यूम लगाने के बावजूद कुछ ही घंटों में दुर्गंध वापस आने लगती है. इसका कारण पसीना नहीं, बल्कि त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया होते हैं, जो पसीने को तोड़कर बदबू पैदा करने वाले तत्व बनाते हैं. अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो फिटकरी आपको परेशानी से राहत दिला सकती है.
यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और आयुर्वेदाचार्य डॉ. पीयूष माहेश्वरी ने News18 को बताया फिटकरी का इस्तेमाल सदियों से सेहत को सुधारने के लिए किया जाता रहा है. इसकी एंटीबैक्टीरियल विशेषताओं के कारण इसे शरीर की दुर्गंध कम करने में उपयोगी माना जाता है. अगर नहाने के बाद गीले अंडरआर्म्स पर फिटकरी का टुकड़ा हल्के हाथों से रगड़ लिया जाए, तो इससे बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम हो सकते हैं और अंडरआर्म्स से लंबे समय तक बदबू नहीं आएगी. फिटकरी को सिर्फ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी लगाया जा सकता है, जहां ज्यादा पसीना आता है.
आयुर्वेद एक्सपर्ट के मुताबिक फिटकरी का उपयोग करने के लिए सबसे पहले नहाने के बाद अंडरआर्म्स को साफ कर लें. इसके बाद हल्के गीले हिस्से पर फिटकरी का छोटा टुकड़ा धीरे-धीरे रगड़ें. कुछ मिनट बाद इसे सूखने दें. ध्यान रखें कि त्वचा पर कट, जलन या रैशेज हों तो फिटकरी लगाने से पहले सावधानी बरतें, क्योंकि इससे चुभन हो सकती है. इसके अलावा अंडरआर्म्स की बदबू से बचने के लिए रोजाना नहाना, साफ कपड़े पहनना और त्वचा को सूखा रखना भी जरूरी है. पसीने से भीगे कपड़ों को लंबे समय तक पहनने से बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं.
एक्सपर्ट की मानें तो फिटकरी का उपयोग अंडरआर्म्स की दुर्गंध कम करने में कुछ लोगों के लिए मददगार हो सकता है. इसका रिजल्ट हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकता हैं. अगर नियमित सफाई और घरेलू उपायों के बावजूद बदबू बहुत ज्यादा आती है या अचानक बढ़ गई है, तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है. ऐसे मामलों में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है. वे सही कारण का पता लगाकर सही ट्रीटमेंट बता सकते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
