Last Updated:
Vinit Rai Murder Case: गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड के बाद ‘आक्रोश महारैली’ का ऐलान करने वाले रानद अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी को नोएडा प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ हाउस अरेस्ट कर लिया है. प्रशासन और पीड़ित परिवार की बातचीत के बाद त्यागी का गाजीपुर दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है. दूसरी ओर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 लाख के इनामी बदमाश कमलेश को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है, जबकि फरार आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख कर दी गई है.
नोएडा/गाजीपुर: गाजीपुर के बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड के बाद उपजे भारी जनाक्रोश के बीच राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी का प्रस्तावित गाजीपुर दौरा फिलहाल टल गया है. गाजीपुर में ‘आक्रोश महारैली’ की चेतावनी देने वाले श्रीकांत त्यागी को नोएडा प्रशासन ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया. त्यागी को रोकने के लिए उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. हालांकि, प्रशासन की मौजूदगी में पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद फिलहाल इस दौरे को स्थगित करने का फैसला लिया है.
श्रीकान्त त्यागी के घर के बाहर छावनी जैसा नजारा
सूत्रों के मुताबिक, श्रीकान्त त्यागी को गाजीपुर जाने से रोकने के लिए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. त्यागी के आवास पर एक डीसीपी और पीएसी की तीन कंपनियों को तैनात किया गया था. प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर था कि गाजीपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े. इस बीच, पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार की बात फोन पर श्रीकांत त्यागी से करवाई. पीड़ित परिवार ने पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई पर संतोष जताया.
सामाजिक संगठनों में था भारी गुस्सा
विनीत राय की सरेआम हत्या के बाद कई सामाजिक संगठनों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा था. इसी को देखते हुए रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी ने गाजीपुर पुलिस और प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे गाजीपुर पहुंचकर ‘आक्रोश महारैली’ करेंगे. इस बड़े दबाव के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई और हत्याकांड में शामिल एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया.
बढ़ता जा रहा है श्रीकान्त त्यागी का सियासी प्रभाव
यूपी के हालिया घटनाक्रमों को देखें तो सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी का असर तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है. पीड़ित परिवारों के हक में मुखर होकर आवाज उठाने और प्रशासन को अल्टीमेटम देकर तुरंत कार्रवाई करवाने की उनकी रणनीति रंग ला रही है. त्यागी के समर्थकों का कहना है कि समाज के मुद्दों पर उनके कड़े रुख और जनदबाव के कारण ही प्रशासन मामलों को गंभीरता से लेने पर मजबूर हो रहा है. इससे उनकी छवि एक प्रभावशाली और जमीनी जननेता के रूप में मजबूत हुई है.
फरार बदमाशों पर इनाम की राशि दोगुनी, सरगना की तलाश तेज
तो वहीं, 29 मई को बिंदु होटल के गेट पर हुए विनीत राय हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर अब पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है. वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों आलोक दुबे और जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव पर इनाम की राशि 50-50 हजार से बढ़ाकर 1-1 लाख रुपए कर दी है. इस मामले में मुख्य आरोपी और गैंग सरगना शंकर पांडेय पर पहले से ही एक लाख रुपए का इनाम घोषित है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है. वहीं, एक अन्य आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को पुलिस पहले ही एनकाउंटर में मार चुकी है.
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरी वारदात 29 मई की रात करीब 11:15 बजे की है. गाजीपुर की अष्टभुजी कॉलोनी के रहने वाले आलोक राय के बेटे विनीत राय रेलवे लाइन पार गौसाबाद स्थित बिंदु होटल से अपनी बुलेट लेकर घर के लिए निकल रहे थे. तभी होटल के गेट पर ही घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी. इस हत्याकांड की गूंज लखनऊ में बैठे आला अधिकारियों तक पहुंच गई.
होटल मालिक आलोक राय उर्फ डब्ल्यू राय ने एडीजी पीयूष मोर्डिया के सामने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे साल 2024 से ही इस कटरा गैंग के अपराधियों शंकर पांडेय, कमलेश बिंद, सोनू यादव और आलोक दुबे के खिलाफ स्थानीय कोतवाली से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायतें भेज रहे थे, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई. फिलहाल पुलिस बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
