दिल्ली का कश्मीरी गेट ISBT हुआ हाईटेक, यात्रियों को मिलेगी फ्री सुविधा, जानिए क्या-क्या बदला

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सबसे बड़े बस अड्डे महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी), कश्मीरी गेट को आधुनिक और हाईटेक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है. यह दिल्ली का सबसे व्यस्त बस अड्डा है, जहां से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं. यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे पर कई बड़े बदलाव किए गए हैं. परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है और यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया, वॉटर कूलर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं. इसके अलावा बस अड्डे के अंदर संचालित होने वाले सभी रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए हैं. अब यहां यात्रियों को केवल पैकेटबंद खाद्य पदार्थ जैसे चिप्स, केक और नमकीन आदि उपलब्ध होंगे. पहले की तरह रेस्टोरेंट में तैयार भोजन नहीं मिलेगा.

अब एक ही जगह मिलेंगी एक राज्य की सभी बसें
कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर यात्रियों को सबसे बड़ी परेशानी अपनी बस ढूंढने में होती थी. पहले अलग-अलग राज्यों की बसें बिना किसी निश्चित व्यवस्था के खड़ी होती थीं. कई बार उत्तराखंड की बस के पीछे उत्तर प्रदेश की बस और उसके बगल में जम्मू-कश्मीर, हरियाणा या पंजाब की बस खड़ी मिलती थी. ऐसे में यात्रियों को अपनी बस खोजने के लिए पूरे बस अड्डे में भटकना पड़ता था. अगर किसी यात्री को अपने राज्य की एक बस मिल भी जाती थी और वह बस भर चुकी होती थी, तो दूसरी बस तलाशने में काफी समय और परेशानी होती थी. अब इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया है.

अलग-अलग निर्धारित स्थान
नई व्यवस्था के तहत अब एक राज्य की सभी बसें एक ही स्थान पर और लाइन से खड़ी होंगी. उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश की सभी बसें एक साथ रहेंगी, जबकि उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की बसों के लिए भी अलग-अलग निर्धारित स्थान बनाए गए हैं. इस व्यवस्था का फायदा यह होगा कि यदि किसी यात्री को अपने राज्य की एक बस भरी हुई मिले तो वह तुरंत उसके पास खड़ी दूसरी या तीसरी बस में सवार हो सकेगा. इससे यात्रियों का समय बचेगा और बसों को खोजने की परेशानी भी कम होगी.

एसी बसों के लिए भी बनाया गया अलग सेक्शन
बस अड्डे पर एयर कंडीशनर (एसी) बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. अब सभी एसी बसें एक ही स्थान पर खड़ी रहेंगी. मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही यात्रियों को एसी बसों का सेक्शन दिखाई देगा. यहां से देहरादून, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों के लिए संचालित एसी बसों की सुविधा उपलब्ध होगी.

यात्रियों को मिलेगा मुफ्त ठंडा पानी
कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर पहले यात्रियों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. अधिकांश लोगों को महंगी पानी की बोतलें खरीदनी पड़ती थीं. अब इस समस्या को दूर करने के लिए बस अड्डे पर वॉटर कूलर लगाए गए हैं. यात्री यहां से मुफ्त में ठंडा पानी पी सकेंगे और अपनी पानी की बोतल भी भर सकेंगे. इससे खासकर गर्मी के मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

विकसित किए गए नए वेटिंग एरिया
यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डे पर नए वेटिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं. पहला वेटिंग एरिया बस अड्डे के प्रवेश द्वार के पास बनाया गया है. यदि किसी यात्री की बस आने में देर है तो वह यहां आराम से बैठकर इंतजार कर सकता है. इस क्षेत्र में पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा बस अड्डे के अंदर एक और बड़ा वेटिंग एरिया विकसित किया गया है. यह वही स्थान है जहां पहले रेस्टोरेंट संचालित होते थे. रेस्टोरेंट बंद होने के बाद उस जगह को यात्रियों के बैठने के लिए विकसित किया गया है.

यात्रियों को बैठने की सुविधा मिलेगी
इस नई व्यवस्था से अधिक संख्या में यात्रियों को बैठने की सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ के दौरान बस अड्डे पर अफरा-तफरी की स्थिति भी नहीं बनेगी. प्रशासन का मानना है कि इन बदलावों के बाद कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिलेगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *