Last Updated:
दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े ऑपरेशन में मणिपुर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन KCP के शीर्ष कमांडर को गिरफ्तार कर लिया है. आशंका है कि वह राजधानी में किसी गुप्त बैठक के जरिए देश में बड़े हमलों की साजिश को आगे बढ़ाने आया था. गिरफ्तारी के बाद सामने आए हथियारों और विस्फोटकों के जखीरे ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है और अब यह जांच तेज हो गई है कि क्या दिल्ली भी उसके निशाने पर थी.
दिल्ली पुलिस.
दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने मणिपुर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) के एक बड़े कमांडर को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान हाओबिजम दिलीप सिंह के रूप में हुई है. सूत्रों के मुताबिक, वह दिल्ली में किसी गुप्त बैठक के लिए आया था और देश में अपनी गतिविधियों को फैलाने की साजिश रच रहा था.
यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के बाद हुई. सुरक्षा एजेंसियों ने लंबे समय से उसके मूवमेंट पर नजर रखी हुई थी. जैसे ही उसके दिल्ली में मौजूद होने की पुख्ता जानकारी मिली, उसे दबोच लिया गया.
12 से अधिक UAPA के मामले दर्ज
गिरफ्तार उग्रवादी पर 12 से अधिक UAPA के मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की वांटेड सूची में शामिल था. पूछताछ में उसके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है. उसकी निशानदेही पर मणिपुर के काकचिंग इलाके में बड़ी बरामदगी भी की गई. वहां से AK-56, Amogh राइफल, AI राइफल और स्कोप लगी M4 राइफल समेत कई हथियार बरामद हुए. इसके अलावा INSAS, AK, SLR, M4 और LMG की कई मैगजीन भी मिली हैं.
हथियार भी जब्त किए
सुरक्षाबलों ने 51 HE बम, दो पैरा बम, 11 डेटोनेटर और चार लेथोड शेल भी जब्त किए हैं. साथ ही करीब 2000 राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं, जिनमें AK, INSAS, SLR और .303 राइफल के राउंड शामिल हैं. इसके अलावा मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली में इस उग्रवादी की मौजूदगी सिर्फ एक मीटिंग तक सीमित नहीं थी, बल्कि किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी साजिश की आशंका भी है. फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या दिल्ली भी किसी टारगेट पर थी.
About the Author
Mr. Gyanendra Kumar Mishra is associated with hindi.news18.com. working on home page. He has 20 yrs of rich experience in journalism. He Started his career with Amar Ujala then worked for ‘Hindustan Times Group…और पढ़ें
