Last Updated:
दिल्ली में जून का सबसे ठंडा दिन मंगलवार रहा.इस दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं चली. इससे गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है. IMD ने बुधवार को भी बादल छाने और गरज के साथ बारिश का अनुमान बताया. इस तरह दिल्ली और आसपास के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
बुधवार को भी मौमस रहेगा कूल-कूल, गर्मी से मिलेगी राहत. सांकेतिक फोटो
नई दिल्ली. दिल्ली में मंगलवार को तेज हवाओं, बादलों और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा. इसके कारण तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया और मंगलवार जून का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा. बारिश के कारण लोगों को पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से राहत मिली है. वहीं आईएमडी ने बुधवार को बादल छाए रहने तथा गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच पालम में सर्वाधिक 9.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके बाद सफदरजंग में 2.8 मिमी, आयानगर में 2.5 मिमी और लोधी रोड में 1.2 मिमी वर्षा हुई. दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा. शहर के आधार केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है.
पालम में 6.7 डिग्री तापमन कम
रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा. वहीं, लोधी रोड में 33.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.8 डिग्री कम), आया नगर में 32.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.9 डिग्री कम) और पालम में 32.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.7 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया.
और इलाकों का जाने हाल
क्षेत्र में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है. पालम में न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा. वहीं, लोधी रोड और आया नगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री और 2.3 डिग्री कम है. रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम दर्ज किया गया.
बुधवार को भी छाए रहेंगे बादल
आईएमडी ने बुधवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने तथा गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत ने बताया कि दिल्ली में गरज के साथ तूफान और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. तेज हवाओं के झोंकों के साथ बारिश होने की उम्मीद है. स्काइमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा कि पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण दिल्ली में बारिश हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे एक्यूआई) 116 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
