गर्मी में 2 दिन में खराब हो जाता है धनिया? अपनाएं ये आसान ट्रिक्स, 7 दिन तक रहेगा एकदम ताजा

Last Updated:

Hari Dhaniya Storage Tips: गर्मियों में हरी धनिया जल्दी खराब हो जाती है. ऐसे में इसे हरा बनाए रखने के लिए दिल्ली की मशहूर किचन एक्सपर्ट सुषमा तिवारी ने बताया कि इसे सबसे पहले बिना धोए रखें. साथ ही टिश्यू पेपर के साथ एयरटाइट डिब्बे या पानी वाले जार में स्टोर करें. अगर आपको फ्रिज में रखना है तो कम नमी वाली जगह रखें. इससे धनिया 7 दिनों तक हरी बनी रहेगी.

दिल्ली: गर्मियों के मौसम में रसोई की एक आम परेशानी शुरू हो जाती है हरी धनिया का जल्दी खराब हो जाना. बाजार से ताजा धनिया लाने के बाद लोग उम्मीद करते हैं कि वह कम से कम एक हफ्ता चलेगी, लेकिन कई बार फ्रिज में रखने के बावजूद 2-3 दिन में ही पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं या गल जाती हैं. ऐसे में बार-बार बाजार जाने की झंझट बढ़ जाती है. हालांकि कुछ आसान टिप्स अपनाकर धनिया को लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है. आइये जानते हैं इसके बारे में.

धनिया धोकर रखने की गलती पड़ सकती है भारी

अक्सर लोग बाजार से आते ही धनिया को धोकर फ्रिज में रख देते हैं. यही सबसे बड़ी गलती मानी जाती है. ज्यादा नमी की वजह से पत्तियां जल्दी खराब होने लगती हैं. बेहतर होगा कि धनिया को बिना धोए रखें और इस्तेमाल से पहले ही साफ पानी से धोएं. अगर मिट्टी लगी हो तो सूखे कपड़े या टिश्यू से हल्का साफ कर लें.

टिश्यू पेपर की ट्रिक आएगी काम

अगर आप चाहते हैं कि धनिया ज्यादा दिनों तक ताजा बना रहे, तो एक आसान तरीका अपनाया जा सकता है. सबसे पहले धनिया की खराब या पीली पत्तियों को अलग कर दें. इसके बाद किसी एयरटाइट डिब्बे में नीचे टिश्यू पेपर रखें और धनिया रखकर ऊपर से भी टिश्यू लगा दें. यह ज्यादा नमी सोख लेता है और धनिया जल्दी खराब नहीं होता है.

जार में पानी भरकर भी रख सकते हैं

धनिया को ताजा रखने का एक और आसान तरीका है. जैसे लोग फूलों को पानी में रखते हैं, उसी तरह धनिया की डंठल को हल्का काटकर एक गिलास या जार में थोड़ा पानी भर दें. ध्यान रहे कि केवल डंठल पानी में डूबी रहे, पत्तियां नहीं. इसके बाद ऊपर से हल्का पॉलीबैग या ढक्कन लगाकर फ्रिज में रखें. इससे धनिया लंबे समय तक हरा और ताजा रह सकता है.

फ्रिज में सही जगह रखना भी जरूरी

कई बार लोग फ्रिज में कहीं भी धनिया रख देते हैं, जिससे वह जल्दी खराब हो जाता है. कोशिश करें कि उसे ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा नमी न हो और हवा का प्रवाह बना रहे. फ्रिज को जरूरत से ज्यादा भरने से भी सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं.

About the Author

Brijendra Pratap Singh

बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *