Last Updated:
Delhi Government Jobs Former Agniveer Reservation: पूर्व अग्निवीरों के लिए खुशखबरी! दिल्ली सरकार के कई अहम विभागों में अब ग्रुप सी के पदों पर पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण मिलेगा. उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने 30 जून तक भर्ती नियमों में बदलाव करने के सख्त निर्देश दे दिए हैं.
Agniveer Reservation: अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी में आरक्षण के नियम तय किए गए हैं
नई दिल्ली (Delhi Government Jobs Former Agniveer Reservation). चार साल तक देश की सीमा पर बहादुरी और अनुशासन का लोहा मनवाने वाले पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है. दिल्ली सरकार ने पूर्व अग्निवीरों को नागरिक सेवाओं और रोजगार से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है. अब दिल्ली सरकार के कुछ महत्वपूर्ण और चुनिंदा विभागों में होने वाली सीधी भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 फीसदी का नौकरी आरक्षण दिया जाएगा. यह आरक्षण मुख्य रूप से ग्रुप सी के पदों पर लागू होगा.
दिल्ली सरकार के इन 4 विभागों में मिलेगा 20% आरक्षण का फायदा
दिल्ली सरकार का नया आरक्षण नियम कुछ खास और फ्रंटलाइन विभागों पर केंद्रित है, जहां शारीरिक दक्षता और अनुशासन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. 20% कोटे के तहत पूर्व अग्निवीरों को नीचे लिखे पदों पर सीधी भर्ती का मौका मिलेगा:
- दिल्ली पुलिस: पुलिस कांस्टेबल के पदों पर पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण मिलेगा.
- दिल्ली फायर सर्विस: दमकलकर्मियों (Firemen) की भर्ती में इस कोटे का लाभ दिया जाएगा.
- जेल विभाग: जेल वॉर्डर के पदों पर इनकी सीधी भर्ती हो सकेगी.
- पर्यावरण, वन और वन्यजीव विभाग: फॉरेस्ट और वाइल्डलाइफ गार्ड्स के तौर पर पूर्व अग्निवीरों को तैनात किया जाएगा.
एलजी तरनजीत सिंह संधू ने तय की 30 जून की डेडलाइन
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को बेहद महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली पुलिस के कमिश्नर और कई सीनियर अधिकारी शामिल हुए. बैठक में इस योजना का रोडमैप तैयार किया गया. एलजी ने सभी विभागों को दोटूक शब्दों में कहा है कि 30 जून तक भर्ती नियमों (Recruitment Rules) में बदलाव की सारी कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो जानी चाहिए, जिससे भर्तियों में कोई देरी न हो.
क्यों लिया गया यह फैसला? अग्निवीरों के हुनर का मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार की भी नीति रही है कि 4 साल की अग्निवीर सेवा के बाद इन युवाओं को देश के अंदर रोजगार के बेहतरीन अवसर मुहैया कराए जाएं. दिल्ली सरकार का यह कदम इसी कड़ी का हिस्सा है. उपराज्यपाल ने कहा कि पूर्व अग्निवीरों के पास जो सैन्य ट्रेनिंग, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और ऑपरेशनल अनुभव होता है, वह दिल्ली के फ्रंटलाइन सार्वजनिक संस्थानों को बहुत मजबूत बनाएगा. जब ये अनुशासित जवान पब्लिक सेफ्टी, इमरजेंसी रिस्पॉन्स और पर्यावरण सुरक्षा जैसे विभागों में आएंगे तो काम की गुणवत्ता और क्षमता में सुधार देखने को मिलेगा.
दिल्ली फायर सर्विस की चर्चा से शुरू हुआ था सफर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व अग्निवीरों को दिल्ली की सरकारी सेवाओं में शामिल करने की कहानी पिछले महीने दिल्ली फायर सर्विस में उनकी नियुक्ति को लेकर शुरू हुई चर्चा से आगे बढ़ी थी. अब इसे औपचारिक और व्यापक नीति का रूप दे दिया गया है, जिससे आने वाले समय में पूर्व अग्निवीरों के एक बड़े समूह को सीधे तौर पर फायदा मिलने की पूरी उम्मीद है. 4 साल सेना में देश की सेवा करने के बाद अब ये नौजवान दिल्ली की जनता की सुरक्षा और सेवा में अपना योगदान दे सकेंगे.
About the Author
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें
