Aman Kumar Sharma Suicide: जज सुसाइड केस के बीच चर्चा में आया आईएएस का नाम, कौन हैं निधि मलिक?

Last Updated:

Nidhi Malik IAS: दिल्ली के जज अमन कुमार शर्मा का सुसाइड केस चर्चा में है. उनके परिवार ने उनकी पत्नी स्वाति और साली आईएएस अधिकारी निधि मलिक पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. जानिए निधि मलिक कौन हैं और इस हाई-प्रोफाइल सुसाइड केस (Aman Kumar Sharma Suicide) में उनका नाम क्यों आ रहा है.

Judge Aman Kumar Sharma Suicide: दिल्ली के चर्चित जज सुसाइड केस में आईएएस निधि मलिक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं

नई दिल्ली (Nidhi Malik IAS). राजधानी दिल्ली के न्यायिक हलके से बेहद दुखद खबर सामने आई है. कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के पद पर तैनात 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने सफदरजंग स्थित आवास पर कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में पुलिस सुसाइड का मामला मान रही है, लेकिन मृतक जज के परिवार ने जो खुलासे किए हैं, उससे यह घटना हाई-प्रोफाइल विवाद में बदल गई है. परिवार का आरोप है कि अमन पिछले 2 महीनों से गंभीर मानसिक उत्पीड़न का शिकार थे. इस मामले में उनकी साली आईएएस निधि मलिक का नाम भी आ रहा है.

दिवंगत जज अमन कुमार शर्मा के पिता का दावा है कि इस आत्मघाती कदम के पीछे घर के अंदर का तनाव और रसूखदार रिश्तों का दखल है. इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला नाम उनकी साली और आईएएस अधिकारी निधि मलिक का है. परिवार का दावा है कि अमन की पत्नी स्वाति, जो खुद न्यायिक अधिकारी हैं और उनकी बहन निधि मलिक का घर पर पूरा कंट्रोल था. अमन ने अपनी मौत से कुछ समय पहले ही अपने पिता को फोन कर अपना दर्द साझा किया था. एक प्रतिभावान जज, जिसकी जिंदगी के सामने लंबा सफर था, उसका इस तरह चले जाना सिस्टम और समाज के सामने कई सवाल खड़े करता है.

जज अमन शर्मा सुसाइड केस: रसूख और रिश्तों की उलझी कहानी

दिल्ली के जज अमन कुमार शर्मा सफदरजंग स्थित अपने घर में मृत पाए गए. उनके साले (बहनोई) शिवम ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. पुलिस का कहना है कि शुरुआती मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस अधिकारी सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं कि क्या यह वास्तव में आत्महत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है.

साली आईएएस निधि मलिक पर लगे गंभीर आरोप

अमन कुमार शर्मा के पिता प्रेम शर्मा और रिश्तेदार राजेश शर्मा (बहन के ससुर) ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. पिता के अनुसार, अमन ने मौत से ठीक पहले फोन पर कहा था- मैं बहुत परेशान हूं, मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है. परिवार का आरोप है कि अमन के घर पर उनकी साली निधि मलिक का पूरा कंट्रोल था. परिवार का दावा है कि आईएएस निधि मलिक के रसूख और दखलअंदाजी के कारण अमन और उनकी पत्नी के बीच विवाद रहता था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.

कौन हैं आईएएस निधि मलिक?

निधि मलिक 2013 बैच की AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर की सीनियर आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने बीए और एलएलबी ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं. दिसंबर 2024 से निधि मलिक रियासी की डिप्टी कमिश्नर थीं और फरवरी 2026 से जम्मू-कश्मीर में ‘इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन’ (IGR) के पद पर कार्यरत हैं. आईएएस निधि मलिक पे-मैट्रिक्स के लेवल 13 पर हैं. हरियाणा की रहने वाली निधि का जन्म 31 मार्च 1990 को हुआ था. विभिन्न सरकारी पोर्टल्स पर इनकी यूपीएससी रैंक 108 बताई जा रही है.

पारिवारिक विवाद और ‘ब्लॉक’ नंबर

जज अमन कुमार शर्मा के परिवार का कहना है कि जब उन्होंने अमन की पत्नी के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका नंबर ब्लॉक मिला. परिवार का आरोप है कि एक रिश्तेदार ने भी बीच-बचाव करने से यह कहकर मना कर दिया कि वे इस ‘हाई-प्रोफाइल’ मामले में दखल नहीं दे सकते. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या अमन की पत्नी और उनकी बहन के दबाव के कारण ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया.

About the Author

Deepali PorwalSenior Sub Editor

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *