दिल्‍ली के शाहदरा रेलवे स्‍टेशन पर ट्रेन में सीट के लिए बवाल, यात्री की पीट-पीटकर हत्‍या, RPF-GRP वाले देखते रहे

होमताजा खबरDelhi

दिल्‍ली: ट्रेन में सीट के लिए यात्री की पीटकर हत्‍या, GRP-RPF वाले देखते रहे

Last Updated:

Shahdara Railway Station: रेलवे यात्रियों के सफल और सुखद यात्रा की कामना करता है. इसको लेकर हर दूसरे नंबर पर अनाउंस भी किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. राजधानी दिल्‍ली के एक रेलवे स्‍टेशन पर एक पैसेंजर को पीट-पीटकर मार डाला गया.

दिल्‍ली के शाहदरा रेलवे स्‍टेशन पर एक यात्री की पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया.

Shahdara Railway Station: इंडियन रेलवे की सुरक्षा पर एक बार फिर से बड़ा सवाल उठा है. देश की राजधानी दिल्‍ली के एक रेलवे स्‍टेशन पर ट्रेन यात्री की पीट-पीट कर हत्‍या कर दी गई. रेलवे स्‍टेशन प्‍लेटफॉर्म पर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए तैनात रहने वाले GRP या RPF के जवान कुछ नहीं कर सके. मारपीट में घायल शख्‍स को अस्‍पताल ले जाया गया, जहां डॉक्‍टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. इस घटना से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है.

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर हुई हिंसक मारपीट में एक यात्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज ढामा के रूप में हुई है. रेलवे पुलिस के मुताबिक, घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर उस समय हुई जब पंकज ढामा योगा एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान कुछ सहयात्रियों के साथ उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो ट्रेन की जनरल बोगी में सीट को लेकर विवाद हो गया, जो तुरंत मारपीट में तब्‍दील हो गई.

लात-मुक्‍कों से पिटाई

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पता चला कि पंकज ढामा के साथ कथित तौर पर कुछ सहयात्रियों ने बेरहमी से मारपीट की. आरोप है कि उन्हें मुक्कों और लातों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक कांस्टेबल ने बीच-बचाव कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक पंकज गंभीर हालत में पहुंच चुके थे. घायल पंकज ढामा को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रेलवे पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में उनका मेडिको-लीगल केस (MLC) भी दर्ज किया गया है. इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आरोपियों पर केस दर्ज

डीसीपी रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस अब इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा सके और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके.

पुलिस क्‍या बोली

पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन झगड़े की असली वजह और इसमें कितने लोग शामिल थे, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. रेलवे पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका पर विस्तृत तस्वीर सामने आएगी.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *