लाहौरी जीरा, हॉरलिक्स, घी और… आपके घर भी आता है क्‍या? हो जाएं सतर्क, छापेमारी की हकीकत जानकर चौंक जाएंगे आप

नई दिल्ली. अगर आप भी बाजार से पैकेज्ड फूड्स सामान खरीदते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. दिल्ली के ओखला इलाके में एक्सपायर हो चुके प्रोडक्‍ट की तारीख बदलकर दोबारा बाजार में बेचने का मामला सामने आया है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मामले को स्वत: संज्ञान लिया है. आयोग ने केंद्र सरका, दिल्ली सरकार और कई जांच एजेंसियों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है.

शिकायत के अनुसार कुछ गोदामों और परिसरों में एक्सपायर हो चुके पैकेज्ड खाद्य पदार्थों और उपभोक्ता उत्पादों से पुरानी एक्सपायरी डेट हटाकर नई फर्जी तारीख वाले लेबल लगाए जा रहे थे. इसके बाद इन्हें फिर से बाजार में सप्लाई की जा रही थी. इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी.

शिकायत में जिन प्रोडक्‍ट्स का उल्लेख किया गया है, उनमें लाहौरी जीरा, हॉरलिक्स, घी, मैगी, मैगी मसाला, थम्स अप, लिम्का, फैंटा, कुरकुरे, बिंगो, मखाना, ड्राई फ्रूट्स, काजू, पिस्ता, जैम, डेटॉल साबुन, टाटा नमक, शिकंजी और ईनो जैसे कई लोकप्रिय ब्रांडों के सामान शामिल हैं.

एनएचआरसी ने कहा है कि यदि ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह सिर्फ उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा बेहद गंभीर मामला है. इससे खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों की सेहत पर बड़ा खतरा पैदा हो सकता है.

आयोग ने खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण , केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग, दिल्ली पुलिस और दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही केवल ओखला ही नहीं, बल्कि देशभर में गोदामों, स्टोरेज यूनिट, वितरकों, थोक और खुदरा विक्रेताओं के यहां विशेष जांच अभियान चलाने को कहा गया है.

एनएचआरसी ने जांच एजेंसियों से यह भी कहा है कि यदि एक्सपायरी डेट बदलने और नकली लेबल लगाकर सामान बेचने का कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है तो उसकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए. सभी संबंधित विभागों को दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *