Last Updated:
rajiv shukla statement on vaibhav sooryavanshi debut: वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बड़ा बयान दिया है, उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘बीसीसीआई किसी भी खिलाड़ी के साथ भेदभाव नहीं करता.’ शुक्ला ने वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू और भविष्य के लिए बधाई भी दी.
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर राजीव शुक्ला का बड़ा बयान.
नई दिल्ली. 15 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू कर इतिहास रचने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे थे. भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर पर आरोप लग रहे थे कि युवा बल्लेबाज को जानबूझकर मौका नहीं दिया जा रहा है. अब वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सभी आलोचकों को करारा जवाब दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बीसीसीआई में किसी खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी नहीं होती और जिसे योग्यता के आधार पर मौका मिलना चाहिए, उसे सही समय पर जरूर मिलता है.
‘BCCI में मेरिट के आधार पर मिलता है मौका’
राजीव शुक्ला ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि वैभव सूर्यवंशी को उनके इंटरनेशनल डेब्यू के लिए बधाई. उन्होंने कहा, ‘ बीसीसीआई किसी भी खिलाड़ी के साथ पक्षपात नहीं करता. सोशल मीडिया पर यह माहौल बनाया जा रहा था कि वैभव को जानबूझकर मौका नहीं दिया जा रहा, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं था.’ शुक्ला ने कहा, ‘उन्होंने पहले भी कहा था कि सही समय आने पर वैभव को जरूर मौका मिलेगा और अब वही हुआ है.’
कप्तान और कोच के बचाव में उतरे
बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो लगातार टीम मैनेजमेंट को निशाने पर ले रहे थे. उन्होंने कहा, ‘बिना वजह कप्तान और कोच की आलोचना की गई. टीम प्रबंधन ने सही समय पर सही फैसला लिया और इस फैसले की सराहना होनी चाहिए.’ उनके मुताबिक, चयन हमेशा टीम की जरूरत और खिलाड़ी की तैयारी को ध्यान में रखकर किया जाता है, न कि सोशल मीडिया के दबाव में.
वैभव पर जताया पूरा भरोसा
राजीव शुक्ला ने विश्वास जताया कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाएंगे. उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ शुरुआत है और युवा बल्लेबाज के पास लंबा करियर है. अगर वह इसी तरह मेहनत करते रहे तो भारतीय क्रिकेट को एक बड़ा स्टार मिल सकता है.’
15 साल की उम्र में वैभव ने रचा इतिहास
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में शामिल होते ही वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया. वह 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. इसके साथ ही वह किसी भी टेस्ट खेलने वाले देशों की ओर से टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन गए.
सचिन और पीयूष चावला का रिकॉर्ड भी टूटा
वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू के साथ ही भारतीय क्रिकेट के दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सबसे कम उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट और 16 साल 238 दिन की उम्र में वनडे डेब्यू किया था. वहीं, वैभव ने पीयूष चावला के सबसे कम उम्र में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी के रिकॉर्ड से भी कम उम्र में इंटरनेशनल कैप हासिल कर इतिहास रच दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने अपने डेब्यू पर 14 रन बनाए.
डेब्यू मैच में वैभव की बेखौफ बल्लेबाजी
वैभव ने अपने पहले ही इंटरनेशनल मुकाबले में आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें दो शानदार छक्के शामिल थे. हालांकि, वह विल जैक्स की गेंद पर स्टंप आउट हो गए, लेकिन अपनी छोटी पारी में उन्होंने साफ संकेत दे दिया कि बड़े मंच का दबाव उन पर हावी नहीं होने वाला.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
