गाजियाबाद में शादी-बर्थडे के बाद सड़क पर कूड़ा छोड़ा तो लगेगा 10000 रुपये का जुर्माना, खुद करनी होगी सफाई भी

Last Updated:

Ghaziabad News: गाजियाबाद में शादी, जन्मदिन या किसी भी घरेलू कार्यक्रम के बाद सड़क पर कूड़ा छोड़ना भारी पड़ेगा. नगर निगम ने स्वच्छता को लेकर सख्त अभियान शुरू किया है. सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने पर आयोजनकर्ता पर सीधे 10 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा और उसे अपने खर्च पर सफाई करानी होगी. राजनगर में ऐसा ही मामला सामने आने पर कार्रवाई की गई है. नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने 170 सफाई नायकों को हर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं.

Ghaziabad News: अगर आप गाजियाबाद में रहते हैं और अपने घर, सड़क या किसी सार्वजनिक स्थान पर शादी, जन्मदिन या धार्मिक आयोजन करने जा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए. कार्यक्रम खत्म होने के बाद यदि सड़क पर जरा सा भी कूड़ा-कचरा छूटा, तो नगर निगम सीधे 10,000 रुपये का भारी जुर्माना ठोकेगा. इतना ही नहीं, जेब से पैसे खर्च कर आपको उस जगह की सफाई भी खुद ही करानी होगी. शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सफाई नायकों को ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई के कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं.

राजनगर में लगा 10 हजार का जुर्माना
हाल ही में गाजियाबाद के राजनगर इलाके में ऐसा ही एक मामला सामने आया. यहां एक मकान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद अगली सुबह सड़क पर डिस्पोजेबल प्लेटें, गिलास, बचा हुआ खाना और अन्य कचरा बिखरा मिला. सड़क पर फैली गंदगी से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हुई और पूरे इलाके की स्वच्छता प्रभावित हुई. शिकायत मिलने पर नगर निगम की स्वच्छता टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.

आयोजनकर्ता से ही कराई गई सड़क की सफाई
जांच के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने आयोजनकर्ता को बुलाकर स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाना नगर निगम के नियमों का सीधा उल्लंघन है. इसके बाद नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजनकर्ता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. साथ ही उन्हें तत्काल सड़क की सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने यह चेतावनी भी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही मिलने पर और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सफाई केवल कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं: नगर निगम
नगर निगम का साफ कहना है कि शहर की सफाई केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है. हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही गाजियाबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है. यदि लोग अपने निजी या सार्वजनिक कार्यक्रमों के बाद कचरे का सही तरीके से निस्तारण करें, तो सड़कों पर गंदगी नहीं फैलेगी और पूरा शहर हमेशा साफ-सुथरा नजर आएगा.

सार्वजनिक आयोजन से पहले लेनी होगी अनुमति
नगर निगम के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी कार्यक्रम के लिए सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थान का इस्तेमाल करना है, तो पहले नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. अनुमति मिलने के बाद आवश्यकता के अनुसार नगर निगम कूड़ा उठाने के लिए वाहन, सफाई कर्मचारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा सकता है. इसके लिए निर्धारित यूजर चार्ज भी लिया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान और उसके बाद भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे.

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के सख्त निर्देश
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के सभी स्वच्छता अधिकारियों और करीब 170 सफाई नायकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें. यदि कोई भी व्यक्ति घर के बाहर, सड़क किनारे या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाता हुआ मिलता है, तो उसके खिलाफ तुरंत जुर्माने की कार्रवाई की जाए और उसी व्यक्ति से संबंधित स्थान की सफाई भी कराई जाए.

नगर आयुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से निस्तारण करें और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग दें. उनका मानना है कि नागरिकों की जिम्मेदारी और प्रशासन की सख्ती, दोनों मिलकर ही गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और एक बेहतर शहर बना सकते हैं.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *