एनसीआर में अपना घर, दुकान या कारोबार के लिए जमीन खरीदने का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) एक बार फिर विभिन्न योजनाओं में खाली और नई विकसित संपत्तियों की नीलामी करने जा रहा है. इस नीलामी में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, ग्रुप हाउसिंग, दुकान, होटल, ओल्ड एज होम, सामुदायिक केंद्र, स्कूल और अस्पताल के लिए भूखंड शामिल किए गए हैं. इच्छुक लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. नीलामी का आयोजन 17 जुलाई को हिंदी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में सुबह 11 बजे से होगा.
कुल 19 अलग-अलग योजनाओं की संपत्तियों को नीलामी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया कि इस बार कुल 19 अलग-अलग योजनाओं की संपत्तियों को नीलामी में शामिल किया गया है. इनमें मधुबन बापूधाम योजना, कोयल एन्क्लेव, इंद्रप्रस्थ योजना, इंदिरापुरम के विभिन्न सेक्टर और ब्लॉक, वैशाली, कौशांबी, कपूरीपुरम, अंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर और यूपी बॉर्डर पॉकेट-ए जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं में औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ-साथ ग्रुप हाउसिंग, दुकान, सामुदायिक केंद्र और ओल्ड एज होम के लिए भी भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
क्या कुछ है खास
इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए स्कूल और अस्पताल के लिए आरक्षित भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं. इनमें प्राइमरी और नर्सरी स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, हेल्थ सेंटर और हॉस्पिटल के लिए भूमि शामिल है जीडीए का मानना है कि इससे शहर में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. जीडीए के अधिकारियों के अनुसार पिछली प्रॉपर्टी नीलामी को लोगों का अच्छा समर्थन मिला था. उस नीलामी से प्राधिकरण को करीब 213 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था इसी सफलता को देखते हुए इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है.
कैसे करें अप्लाई
नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आवेदक 13 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है. ऑनलाइन आवेदन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकता है जबकि ऑफलाइन आवेदन के लिए एचडीएफसी बैंक की आरडीसी राजनगर शाखा से आवेदन पुस्तिका प्राप्त कर निर्धारित शुल्क के साथ जमा करनी होगी.
प्रॉपर्टी खरीदकर अपने सपनों को करें पूरा
जीडीए का कहना है कि योजनाओं में निवेश करने वाले लोगों को लगातार अच्छा लाभ मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपने घर और कारोबार का सपना पूरा कर रहे हैं. प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस नीलामी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी जरूरत व बजट के अनुसार उपयुक्त प्रॉपर्टी खरीदकर अपने सपनों को साकार करें.
