Last Updated:
Delhi EV Station Plan: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में ईवी चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कार्ययोजना की समीक्षा की. सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या 9 हजार से बढ़ाकर 32 हजार करना है. इसके लिए मेट्रो पार्किंग, डीडीए मार्केट और मॉल जैसे स्थानों पर फास्ट चार्जिंग और सोलर आधारित स्टेशनों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा.
रेखा सरकार ने तैयारी पूरी कर ली है.
दिल्ली को देश की सबसे आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ईवी सिटी में बदलने के लिए सरकार ने एक बहुत बड़ी और व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक हाई-लेवल मीटिंग में राजधानी के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बुनियादी ढांचे की समीक्षा की. इस बैठक में सबसे बड़ा फैसला यह लिया गया कि अगले चार वर्षों के भीतर दिल्ली में ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या को मौजूदा 9 हजार से बढ़ाकर करीब 32 हजार किया जाएगा. इस हाई-लेवल बैठक में मुख्यमंत्री के साथ परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक में मुख्य फोकस इस बात पर रहा कि सिर्फ चार्जिंग पॉइंट न बढ़ाए जाएं बल्कि दिल्ली में आधुनिक, फास्ट चार्जिंग और आम जनता के लिए आसान नेटवर्क तैयार किया जाए.
फास्ट चार्जिंग और सोलर पावर पर रहेगा विशेष जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अब केवल फास्ट चार्जिंग तकनीक को ही प्राथमिकता दी जाए. इसके साथ ही मौजूदा वक्त में जितने भी स्लो चार्जिंग स्टेशन काम कर रहे हैं उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से फास्ट चार्जिंग स्टेशनों में अपग्रेड किया जाएगा. बैठक में बिजली की लगातार आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. सीएम ने कहा कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए केवल जगह चुनना काफी नहीं है बल्कि वहां पर्याप्त बिजली क्षमता होना जरूरी है. उन्होंने पर्यावरण को और अधिक लाभ पहुंचाने के लिए सोलर आधारित चार्जिंग स्टेशनों के विकास पर भी विशेष जोर दिया.
इन प्रमुख जगहों पर खुलेंगे आधुनिक चार्जिंग स्टेशन
• दिल्ली मेट्रो (DMRC) की पार्किंग और मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे खाली पड़े स्थान.
• नगर निगम (MCD) के पार्किंग स्थल और प्रमुख रेलवे स्टेशनों के बाहर का परिसर.
• दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के बाजारों के आसपास और बड़े व्यावसायिक क्षेत्र.
• राजधानी के प्रमुख मॉल, सरकारी परिसर और बड़े कमर्शियल हब.
इन स्टेशनों को केवल चार्जिंग पॉइंट की तरह नहीं बल्कि आधुनिक हब की तरह विकसित किया जाएगा जहां लोगों के बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
एजेंसियों और OEM के साथ मिलकर बनेगा नेटवर्क
इतने बड़े लक्ष्य को तय समय सीमा में हासिल करने के लिए दिल्ली सरकार विभिन्न सरकारी और निजी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है. इसके तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (ओईएम) के साथ एक प्रभावी और मजबूत समन्वय स्थापित किया जा रहा है. इन सभी संस्थाओं के पास उपलब्ध जमीन, पार्किंग और इंफ्रास्ट्रक्चर का बेहतर इस्तेमाल करके चार्जिंग स्टेशन बनाने की प्रक्रिया को तेज रफ्तार दी जाएगी. इसके लिए बहुत जल्द एक विस्तृत फाइनल रिपोर्ट तैयार कर जमीन पर काम शुरू कर दिया जाएगा.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें
