Last Updated:
Delhi Mango Festival: दिल्ली के सीआर पार्क में आयोजित मैंगो फेस्टिवल में इस बार कई तरह के आम देखने को मिले, लेकिन सबसे ज्यादा भीड़ जिस स्टॉल पर रही, वह था मियाज़ाकी मैंगो. इस आम की कीमत सुनकर लोग हैरान रह गए, क्योंकि यहां सिर्फ एक आम की कीमत 2,500 रुपये रखी गई थी.
लोग इसे खरीदने से पहले इसकी खासियत जानने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे थे. वहीं, रिलामाला किसान उत्पादक कंपनी की ओर से इसकी खेती बंगाल में की जा रही है. कंपनी की ओर से इसे पहली बार बाजार में उतारा गया है.
मियाज़ाकी मैंगो जापान की एक बेहद खास किस्म है. इसका रंग गहरा लाल होता है और इसका स्वाद बहुत मीठा माना जाता है. इसका गूदा नरम, रसीला और लगभग बिना रेशों वाला होता है. यही वजह है कि इसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है. इसकी खेती भी आसान नहीं होती, इसलिए इसकी उपलब्धता काफी कम रहती है.
फेस्टिवल में इस आम को साधारण तरीके से नहीं रखा गया था. हर एक आम को अलग से प्रीमियम बॉक्स में पैक किया गया था, ताकि उसकी गुणवत्ता बनी रहे और खरीदने वालों को एक खास अनुभव मिले. इसकी शानदार पैकिंग भी लोगों के लिए आकर्षण का कारण बनी रही. कई लोग आम के साथ उसकी पैकिंग की तस्वीरें लेते नजर आए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मेले में पहुंचे कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पहली बार इतना महंगा आम देखा है. कुछ लोगों ने इसकी कीमत पर हैरानी जताई, जबकि कुछ का कहना था कि अगर स्वाद और गुणवत्ता इतनी खास है, तो इसकी कीमत भी अलग होना स्वाभाविक है. हालांकि, ज्यादातर लोग इसे खरीदने के बजाय सिर्फ देखने और इसके बारे में जानकारी लेने पहुंचे.
सीआर पार्क का यह मैंगो फेस्टिवल आम प्रेमियों के लिए खास रहा, लेकिन पूरे मेले में सबसे ज्यादा चर्चा मियाज़ाकी मैंगो की ही रही. अपनी अनोखी पहचान, शानदार स्वाद, प्रीमियम पैकिंग और 2,500 रुपये की कीमत के कारण यह आम पूरे फेस्टिवल का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया.
