दिल्ली-एनसीआर से मुंबई तक डूब गईं सड़कें, भारी बारिश के बीच आज कहां बंद रहेंगे स्कूल?

नई दिल्ली (Heavy Rain School Closed Update). देश में मानसून की एंट्री हो चुकी है. दिल्ली-एनसीआर की धुआंधार बारिश हो, मुंबई की रफ्तार थामने वाला बरसात, उत्तराखंड के डराने वाले पहाड़ी रास्ते, गुजरात के जलमग्न शहर या यूपी की उफनती नदियां- हर तरफ पानी का ही राज है. भारी बारिश और हर तरफ लगे लंबे ट्रैफिक जाम की वजह से आम जनजीवन पटरी से उतर गया है. मौसम विभाग लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी कर रहा है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद हो चुका है.

इस आसमानी आफत के बीच, सुबह-सुबह उठकर स्कूल जाने वाले नन्हे-मुन्नों की सुरक्षा को लेकर सभी फिक्रमंद हैं. पेरेंट्स और बच्चों के बीच इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘आज स्कूल खुलेगा या छुट्टी रहेगी?’ बच्चों को जलभराव और किसी भी संभावित खतरे से बचाने के लिए विभिन्न जिलाधिकारियों और नगर निगमों ने आनन-फानन में स्कूलों को बंद करने या ऑनलाइन क्लासेस चलाने के निर्देश दिए हैं. जानिए आपके राज्य और शहर में बारिश की क्या स्थिति है और कहां-कहां स्कूलों में ताले लटक गए हैं.

मुंबई और आस-पास के इलाके: रेड और ऑरेंज अलर्ट के बीच स्कूल बंद

मुंबई और उसके सैटेलाइट शहरों (ठाणे, नवी मुंबई, पालघर और रायगढ़) में मानसून की शुरुआत से ही भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग की तरफ से जारी ऑरेंज और रेड अलर्ट के बीच महानगर पालिका (BMC) और स्थानीय प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी सरकारी, प्राइवेट और नगर निगम के स्कूलों के साथ-साथ कॉलेजों में भी छुट्टी की घोषणा कर दी है. लगातार हो रही बारिश से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं.

दिल्ली-एनसीआर: सड़कों पर भरा पानी, गाजियाबाद में स्कूल बंद

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद) में भी मानसून ने जोरदार दस्तक दी है. तेज बारिश के कारण गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है. गुरुग्राम में प्रशासन ने कॉर्पोरेट दफ्तरों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ की एडवाइजरी जारी की है और अत्यधिक जलभराव वाले क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने या ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है. गाजियाबाद प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है.

उत्तराखंड: भूस्खलन का साया, कई पहाड़ी जिलों में स्कूल बंद

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मानसून का आना अपने साथ लैंडस्लाइड (भूस्खलन) और अचानक आई बाढ़ का बड़ा खतरा लेकर आता है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जैसे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए इन जिलों के DM ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है. पहाड़ों पर सफर करने वाले लोगों और बच्चों को नदियों और संवेदनशील पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है.

गुजरात: बाढ़ की चपेट में कई शहर, प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूल बंद

गुजरात के कई जिलों (नवसारी, वलसाड, सूरत, जूनागढ़) में इस समय बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के प्रभावित जिलों में प्रशासन ने प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है. कई जगहों पर कॉलेज की परीक्षाओं को भी आगे के लिए टाल दिया गया है जिससे स्टूडेंट्स को घर से बाहर न निकलना पड़े.

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी और तराई के जिलों में अलर्ट, स्कूल बंद के निर्देश

यूपी में भी मानसून के बादल जमकर बरस रहे हैं. विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश (मेरठ, मुरादाबाद, बागपत) और नेपाल सीमा से लगे तराई के इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है. जलभराव और बच्चों के आवागमन में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासन ने कई जिलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है. प्रशासन ने सभी स्कूलों को इन आदेशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *