नई दिल्ली. दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के खिताबी मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह इस समय अपने चरम पर पहुंच चुका है. भारतीय फुटबॉल फैंस के इसी बेमिसाल जुनून को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को एक बड़ा एलान किया है. दिल्ली सरकार के इस नए फैसले के मुताबिक, इस ऐतिहासिक वीकेंड (शनिवार और रविवार) पर देश की राष्ट्रीय राजधानी के सभी रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य कमर्शियल प्रतिष्ठान सुबह 4 बजे तक खुले रह सकेंगे. मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद दिल्ली के फैंस बिना किसी पाबंदी के, अपनों के साथ मिलकर फुटबॉल की इस सबसे बड़ी और ऐतिहासिक रात का पूरा लुत्फ उठा सकेंगे.
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना, अपना चौथा वर्ल्ड कप खिताब और लगातार दूसरी जीत हासिल करने के लिए न्यूयॉर्क में स्पेन का सामना करेगी. रेखा गुप्ता ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “हर फुटबॉल फैन ने लियोनेल मेसी को इतिहास बनाते देखा है. अब, इतिहास में एक और कहानी जुड़ने वाली है. एक लेजेंड. एक टीनएज प्रॉडिजी. एक ट्रॉफी. एक ऐसी रात जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी. दिल्ली उस रात के लिए तैयार है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला शहर के 24×7 बिजनेस-फ्रेंडली ऑपरेटिंग फ्रेमवर्क के तहत लिया गया है, जिसे सरकार के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों के हिस्से के तौर पर शुरू किया गया था.
उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों के तहत शहर में पहले से ही 24×7 बिजनेस-फ्रेंडली कामकाज का ढांचा मौजूद है. इसलिए, इस वीकेंड राजधानी के सभी रेस्टोरेंट, कैफे और दूसरे जरूरी संस्थान सुबह 4 बजे तक फैन्स का स्वागत कर सकते हैं, जिससे शहर के लोग मिलकर फ़ुटबॉल की सबसे बड़ी रात का मजा ले सकेंगे.”
फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल के लिए रेस्तरां-बार तैयार
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) और स्थानीय फूड हब्स से मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी के प्रमुख कोर रेस्टोरेंट सेक्टर्स में फैंस की भारी भीड़ जुटने की पूरी संभावना है:
दिल्ली के वेन्यू: कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया के ‘बार्डोस’ (Baardos) और ‘डियर डोना’ (Dear Donna), न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का मशहूर ‘पेबल स्ट्रीट’ (Pebble Street), लाजपत नगर का ‘गैली लैब्स’ (Gully Labs), नेहरू प्लेस के एपिकुरिया का ‘नार्मा’ (Naarma) और एयरोसिटी का ‘क्वॉइन’ (Quoin – नोवोटेल) फुटबॉल की लाइव स्क्रीनिंग के लिए पूरी तरह सज चुके हैं. पेबल स्ट्रीट जैसे कई लोकेशंस पर रविवार रात के लिए सारी बुकिंग्स पहले ही शत-प्रतिशत फुल हो चुकी हैं.
गुरुग्राम और नोएडा का क्रेज: गुरुग्राम के सेक्टर्स और साइबर हब में मौजूद ‘डाउनटाउन’ (Downtown), ‘जाइथोस’ (Zythos) और ‘गैलेजियो’ (Galaziio) जैसे बड़े पब्स और ब्रुअरीज में विशाल स्क्रीन्स (Giant Screens) लगाए गए हैं. यहां 1,000 रुपए तक के रिडीमेबल कवर चार्ज और स्पेशल बीयर बकेट ऑफर्स के साथ फुटबॉल लवर्स के लिए शानदार सिटिंग अरेंजमेंट किया गया है.
NRAI के सीईओ ने क्या कहा?
दिल्ली के साथ दूसरे राज्यों में भी फीफा वर्ल्ड कप को लेकर कुछ ऐसे ही इंतजाम किए गए हैं. नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (NRAI) के CEO और को-फ़ाउंडर सागर दरयानी ने इसके लिए राज्य सरकारों को धन्यवाद कहा है. उन्होंने एक बयान में कहा, “NRAI और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की ओर से, मैं कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली की सरकारों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. उन्होंने हमारी बातों पर पॉज़िटिव प्रतिक्रिया दी और FIFA वर्ल्ड कप के दौरान हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री का साथ दिया. इन मंज़ूरियों से टूरिज़्म, रोज़गार और लोकल इकॉनमी में भारत की रेस्टोरेंट और फ़ूड एंड बेवरेज इंडस्ट्री के बढ़ते योगदान को मान्यता मिलती है.”
उन्होंने आगे कहा, “इससे भी ज़रूरी बात यह है कि ये मंज़ूरियां ग्राहकों को सेवा देते समय हमारी इंडस्ट्री की ज़िम्मेदारी से काम करने की क्षमता पर जताए गए भरोसे को दिखाती हैं. हमें उम्मीद है कि यह देश भर में ऐसी और भी कई पहलों की शुरुआत बनेगी. जब सरकार और इंडस्ट्री मिलकर काम करते हैं, तो सभी को फ़ायदा होता है – बिज़नेस बढ़ते हैं, नौकरियां पैदा होती हैं और ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलता है. NRAI भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मज़बूत करने के लिए सरकारों के साथ मिलकर काम करना जारी रखने के लिए उत्सुक है.”
