Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: दिल्ली सत्य निकेतन हादसे में घायलों से मिलने AIIMS पहुंचीं CM रेखा गुप्ता

होमताजा खबरDelhi

LIVE: दिल्ली सत्य निकेतन हादसे में घायलों से मिलने पहुंचीं CM रेखा गुप्ता

Last Updated:

Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी वाली इमारत गिरने के बाद पूरा इलाका सहमा हुआ है. हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है और 12 लोगों को बचाया गया. पुलिस ने इमारत के 81 साल के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है. उनकी पत्नी और बेटे को भी गिरफ्तार किया गया है. अदालत ने मालिक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. हादसे के बाद नगर निगम ने आसपास की खतरनाक इमारतों को नोटिस देना शुरू कर दिया है. छात्रों ने डर के कारण अपने पीजी खाली करने शुरू कर दिए हैं. आम आदमी पार्टी ने बचाव अभियान और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. इस बीच घायलों से मिलने CM रेखा गुप्ता एम्स पहुंचीं. इस पूरे मामले में पढ़ें लाइव अपडेट्स इस कॉपी में.

सत्य निकेतन हादसे की FIR ने खोली पोल, कमजोर नींव के बावजूद बनती रहीं 4 मंजिलें

दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत भरभराकर गिरी तो पूरा इलाका दहशत में आ गया. यह इमारत कॉलेज छात्रों के लिए पेइंग गेस्ट यानी पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. बचाव दल ने मलबे के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए घंटों अभियान चलाया. पुलिस के मुताबिक, अभियान पूरा होने तक कुल 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. हादसे के बाद अब सिर्फ मलबा हटाने का काम नहीं चल रहा है. कार्रवाई भी तेज हो गई है. इमारत के मालिक 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया. इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

हरिराम गुप्ता के साथ उनकी 75 साल की पत्नी उर्मिला गुप्ता और 52 साल के बेटे महेश गुप्ता को भी पुलिस ने पकड़ा और मामले में गिरफ्तार किया है. उधर, दिल्ली नगर निगम ने भी सत्य निकेतन और आसपास की इमारतों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है. खतरनाक इमारतों को गिराने के नोटिस जारी किए जा रहे हैं. नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे के पास की एक इमारत की हालत बेहद खराब है और वह मुश्किल से खड़ी है. एक इमारत को पहले ही खाली कराया जा चुका था. तीन अन्य इमारतों की भी जांच की जा रही है. मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच गया है. अदालत ने हादसे से जुड़ी जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई करते हुए सरकारी अधिकारियों से जवाबदेही तय करने को कहा है.

लाइव अपडेट्स

  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: घायलों से मिलने AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता- दिल्ली के दक्षिण-पश्चिमी इलाके सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं. उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: शव घर पहुंचा, परिजनों ने सभी को ठहराया जिम्मेदार- दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले पवन कुमार का शव उत्तर प्रदेश के औरैया स्थित उनके घर पहुंचा. पवन के दोस्त गुरुवंश ने बताया कि बेसमेंट में खुदाई के काम के दौरान वह पूरी पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें पवन रहता था. उन्होंने हादसे के लिए सरकार, एमसीडी, बिल्डिंग मालिक और वहां रहने वाले लोगों समेत सभी को जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना था कि अगर समय रहते किसी ने इसकी जानकारी दी होती तो शायद यह हादसा टल सकता था.
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: छात्रों ने खाली किए कमरे, डर के बीच सामान लेकर निकले- सत्य निकेतन में दहशत का माहौल: हादसे के बाद कई छात्र अपना सामान लेकर पीजी और आसपास की दूसरी इमारतों से बाहर निकलते दिखाई दिए. संकरी गलियों से छात्र सूटकेस खींचकर निकल रहे थे. लोगों में आसपास की दूसरी इमारतों की मजबूती को लेकर भी डर बना हुआ है.
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: कई इमारतों को नोटिस- दिल्ली नगर निगम ने हादसे वाली जगह के आसपास खतरनाक इमारतों को गिराने के नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है. नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमने पाया कि इमारत संख्या 13 मुश्किल से खड़ी है. इसे कल ही खाली करा लिया गया था. बचाव अभियान पूरा होने के बाद इसे गिराने की कार्रवाई की जाएगी.’
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: तीन लोग गिरफ्तार- पीजी के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया. अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश गुप्ता को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है.
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: सौरभ भारद्वाज का प्रशासन पर हमला- आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बचाव अभियान की रफ्तार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ‘काम बहुत धीमी गति से चल रहा था. मैं मौके पर मौजूद था. छात्रों को ईंटें और पत्थर उठाने के लिए लगाया जा रहा था. नगर निगम के मजदूर कहां गए? क्या नगर निगम का विभाग ही खत्म हो गया है? लापरवाही का यह पूरा प्रदर्शन सिर्फ इसलिए हो रहा है ताकि मलबे के नीचे फंसे बच्चों की खबर बाहर आने में देरी हो. सरकार के अंदर कोई संवेदना नहीं है.’
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर AAP ने उठाए सवाल- सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘मुख्यमंत्री का बड़े काफिले के साथ बार-बार घटनास्थल पर आना वहां चल रहे काम में बाधा डालता है. उन्हें घटनास्थल को सिर्फ रील बनाने के मौके के तौर पर नहीं देखना चाहिए. शहरी विकास विभाग के मंत्री आशीष सूद, जिनके अधीन नगर निगम आता है, कल से दिखाई नहीं दिए हैं. उन्हें निश्चित तौर पर इस स्थिति की जानकारी दी गई होगी.’
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: कटनी के छात्र की गई जान- हादसे में मध्य प्रदेश के कटनी के रहने वाले 18 वर्षीय कॉलेज छात्र अक्षत की भी मौत हो गई. उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए कटनी स्थित उनके घर लाया गया है. हादसे ने छात्र समुदाय और उनके परिवारों की चिंता बढ़ा दी है.
  • Delhi Satya Niketan PG Collapse LIVE: अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी- हादसे को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में तत्काल जनहित याचिका पर सुनवाई हुई. अदालत ने सरकारी अधिकारियों से जवाबदेही को लेकर सवाल किए हैं. वहीं दिल्ली नगर निगम ने दक्षिणी क्षेत्र के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. इनमें उप आयुक्त राकेश गुप्ता भी शामिल हैं.

About the Author

सुमित कुमारSenior Sub Editor

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *