लखनऊ : पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम बदल गया है. हर तरफ मानसून का असर देखने को मिल रहा है. नोएडा, लखनऊ, गोंडा से लेकर आगरा तक सुबह-सुबह रिमझिम बारिश हुई. अभी भी बादल छाए हुए हैं. मौसम सुहाना तो हुआ है, लेकिन हालात बिगड़ने लगे हैं. जगह-जगह बारिश का पानी भर गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की माने तो आगरा, अलीगढ़ समेत 18 जगह पर तेज आंधी तूफान के साथ बारिश होगी. यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद समेत 45 जिलों के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी है. यहां भी तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. प्रयागराज में तो आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत हो गई. वहीं 6 लोग झुलस गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. वहीं, उन्नाव में छप्पर गिरने से अधेड़ की मौत हो गई है.
आईएमडी के अनुसार, करीब 60 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है. अगले दो दिन प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के आसार है. बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. लखीमपुर खीरी जिले में जहां तीन दिन से लगातार रुक रूक के बारिश हो रही थी. ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. वहीं ग्रामीण इलाकों में जल भराव की समस्या का सामना करना पड़ा. आज सुबह से ही हल्की धूप निकली हुई है. किसान अपनी खेतों में कीटनाशक दावों का भी छिड़काव करने लगे.
मथुरा में रात से रुक रुक बारिश हो रही है. बारिश में लोग जहां गर्मी से राहत ली है. वहीं दूसरी ओर बारिश के चलते शहर में जगह जगह जल भराव की स्तिथि बनी हुई है. शहर में जाम की स्थिति बनी हुई है.
गाजियाबाद में सोमवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. मंगलवार सुबह भी हल्की बूंदाबांदी जारी रही जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक-दो दिन तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं, ग्रेटर नोएडा में सुबह होते ही आसमान पर घने बादलों ने डेरा जमा लिया और पूरे क्षेत्र में रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया. हल्की-फुल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत पहुंचाई.
रामनगरी अयोध्या में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. सुबह से शहर में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा, जिससे वातावरण सुहावना हो गया, दोपहर होते-होते बादल छंटे और धूप निकल आई, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली. मौसम में आए इस बदलाव से बाजारों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने राहत महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. बलिया में सुबह से ही मौसम लगातार करवटें बदल रही है. कभी तेज धूप तो कुछ ही देर में बादल आसमान पर छा जा रहे हैं.
कानपुर में सुबह हुई बारिश के बाद फिलहाल पानी रुका हुआ है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की सक्रियता के कारण अगले दो दिनों तक शहर में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वर्तमान में तापमान 30°C से 32°C के आसपास दर्ज किया जा रहा है, हालांकि हवा में नमी अधिक रहने की वजह से बारिश थमने पर बीच-बीच में थोड़ी उमस महसूस हो सकती है.
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सुबह से ही बारिश का माहौल बना हुआ है. पिछले दो दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है, जिस वजह से तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है. किसानों के द्वारा धान की रोपाई शुरू कर दी गई है. आने वाले कुछ दिनों में बारिश की अनुमान नजर आ रहा है.
11 लोगों की मौत
सोमवार को लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 20 जिलों में बारिश हुई. फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया. शामली में नहर फूट गई. इससे किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई. नहर का पानी गांवों में घुस गया. कई बीघा खेत जलमग्न हो गए. पिछले 24 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 11 लोगों की मौत हो गई. इनमें मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई. प्रयागराज में बिजली गिरने से 2 लोगों की, जबकि बलिया और चंदौली में एक-एक किसान की मौत हो गई. एटा में घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई. वहीं, उन्नाव में एक की मौत हो गई.
यहां के लिए अलर्ट
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसका असर यूपी पर पड़ रहा है. मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. ऐसे में प्रदेश में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा. इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा.
एटा में हादसा
एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के नगला पुडीहार गांव में सोमवार दोपहर भारी बारिश के दौरान खपरैल की शेड और उससे सटी कच्ची दीवार गिर गई. हादसे में फूलमाला (55) की मौत हो गई, जबकि रीना देवी (40) और कुसुमा देवी (50) घायल हो गईं. तीनों महिलाएं शेड के नीचे बैठी थीं, तभी करीब साढ़े तीन बजे पुरानी शेड भरभराकर गिर गई और वे मलबे में दब गईं. ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फूलमाला को मृत घोषित कर दिया. दोनों घायलों का इलाज जारी है.
छप्पर गिरने से अधेड़ की मौत
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अहिरन पुरवा गांव में घर के बाहर छप्पर के नीचे आराम कर रहे थे 54 साल के रामप्रकाश. तभी छप्पर गिर पड़ा. हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत
प्रयागराज के सोरांव के नवाबगंज क्षेत्र स्थित रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है. मृतकों की पहचान रघुवंशपुर निवासी संजीत कुमार (48) और बैरहना सम्हई निवासी नागेश कुमार (40) के रूप में हुई है. दोनों बकरी चराने गए थे और बारिश के दौरान अमरूद के बाग में पेड़ के नीचे खड़े थे. तभी उन पर बिजली गिर गई.
