Commonwealth Games 2026: रंगों का विस्फोट, बैगपाइप की गूंज और खिलाड़ियों का जोश…तस्वीरों में देखें कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी

Last Updated:

Commonwealth Games Opening Ceremony 2026: स्कॉटलैंड की विरासत को समेटे हुए संगीत और नृत्य तथा इंद्रधनुषी रंगों से सजे शानदार समारोह के साथ 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज हो गया है, जिसमें महासागरों को प्लास्टिक मुक्त करने का संदेश भी दिया गया. किंग चार्ल्स तृतीय ने उस संदेश को जोर से पढ़ा, जिसे उन्होंने पिछले साल मार्च में बकिंघम पैलेस में ‘किंग्स बैटन’ में रखा था. यह संदेश तब से 500 दिनों की वैश्विक मशाल रिले के दौरान राष्ट्रमंडल से जुड़े सभी 74 सदस्य देशों से होकर गुजरा था.

स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में कॉमनवेल्थ गेम्स का रंगारंग आगाज हो चुका है. उद्घाटन समारोह में स्कॉटलैंड की पारंपरिक विरासत को समकालीन पॉप, रैप और इलेक्ट्रॉनिक संगीत के साथ मिश्रित किया गया. इस उद्घाटन समारोह की विशेषता यह थी कि इसे विशाल खुले स्टेडियम के बजाय 14,300 लोगों की क्षमता वाले इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया. ऐसा राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पहली बार हुआ है.

छह बार के ओलंपिक साइकिलिंग चैंपियन और 2025 में किंग्स बैटन रिले की शुरुआत करने वाले सर क्रिस होय ने भी उद्घाटन समारोह के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. परंपरा के अनुसार मंच के केंद्र में राष्ट्रमंडल ध्वज फहराया गया, इसके बाद स्कॉटलैंड के लॉन बॉल खिलाड़ी पॉल फोस्टर, बास्केटबॉल खिलाड़ी रॉबिन लव और लेस्ली रॉय ने खिलाड़ियों की तरफ से शपथ पढ़ी.

74 देश के खिलाड़ी कार्यक्रम के आखिर में नहीं बल्कि शुरुआत में ही परेड करते हुए स्टेडियम में पहुंचे. भारतीय दल का नेतृत्व ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ने किया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

भारत के पुरुष गहरे नीले रंग (नेवी ब्लू) का सूट पहने हुए थे जबकि महिला खिलाड़ी साड़ी और ब्लेजर में थीं. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भारतीय दल का स्वागत किया.

जैसे ही 74 ‘बैटन’ को स्कॉटलैंड के मूल वनस्पतियों से सुसज्जित 200 वर्ग मीटर के एक उद्यान में लगाया गया, पाइप बैंड ने ‘फ्लावर ऑफ स्कॉटलैंड’ की प्रस्तुति से दर्शकों को रोमांचित कर दिया. पाइप बैंड ने इससे पहले खिलाड़ियों की परेड के दौरान ‘इलेक्ट्रो फोल्क’ जोड़ी वाल्टोस तथा स्कॉटिश कलाकारों नाथन इवांस, टॉम वॉकर और केटी टुनस्टॉल के साथ शानदार प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध किया. अभिनेता सैम ह्यूगन ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

क्लाइड नदी पर जहाज निर्माण, प्रारंभिक लोकोमोटिव इंजीनियरिंग और आधुनिक हरित प्रौद्योगिकी को दर्शाने वाले औद्योगिक दृश्यों का समावेश किया गया. इस कार्यक्रम के ‘वर्कशॉप ऑफ द वर्ल्ड’ नामक एक खंड में ऐतिहासिक वस्त्र उत्पादन से प्रेरित नृत्यकला का प्रयोग किया गया था, जिसमें ट्वीड कपड़े की हस्तशिल्प करते समय महिलाओं द्वारा गाए जाने वाले लयबद्ध गेलिक (आयरलैंड और स्कॉटलैंड की प्राचीन भाषा) गीतों को शामिल किया गया था.

समारोह के दौरान ग्लासगो की समकालीन कला और शहरी संस्कृति पर ध्यान केंद्रित किया गया. जिम्बाब्वे में जन्मीं और ग्लासगो में रहने वाली रैपर एयवे ने गायिका गाइया के साथ मंच साझा किया. गायक-गीतकार कैलम बीटी ने ‘यस सर, आई कैन बूगी’ नामक डिस्को ट्रैक प्रस्तुत किया.

इन खेलों की मेजबानी पहले ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य को करनी थी, लेकिन अनुमानित लागत में वृद्धि के कारण वह 2023 में मेजबानी से हट गया था, इसके बाद ग्लासगो को मेजबानी सौंपी गई लेकिन इससे कई खेलों को हटा दिया गया. इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में केवल 10 खेल ही शामिल हैं.

भारत इनमें से आठ खेलों में भाग लेगा, इसके अलावा इसमें छह पैरा खेल भी शामिल हैं. इन खेलों को चार स्थानों स्कॉटस्टाउन स्टेडियम, स्कॉटिश इवेंट कैंपस, ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना और टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर में आयोजित किया जाएगा.

राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत की घोषणा करने वाले किंग चार्ल्स तृतीय ने कहा, ‘मुझे इन खेलों की शुरुआत की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है. ब्रिटिश सम्राट ने कहा कि इस बैटन में एक अतिरिक्त संदेश भी था जिसमें महासागरों और जलमार्गों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने के प्रयासों का आग्रह किया गया था.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *