New delhi Metro Station: दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे सीजेपी और छात्रों के आंदोलन को लेकर बड़ी खबर आई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया है. हालांकि इस स्टेशन से इंटरचेंज सुविधा को बंद किया गया है. ऐसा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर किया गया है. यह प्रतिबंंध अगले आदेश तक जारी रहेगा.
बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को ही नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे CJP प्रदर्शन के कारण 17 मेट्रो स्टेशनों के बंद करने की घोषणा की थी, वहीं शुक्रवार को डीएमआरसी ने नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से इंटरचेंज सुविधा को बंद कर दिया है. ऐसा करने से लोग अब राजीव चौक या अन्य मेट्रो स्टेशनों तक नहीं पहुंच पाएंगे.
इन मेट्रो स्टेशनों से एक्जिट बंद
DMRC ने राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट सहित लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान को बंद किया था. हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा दी थी.
वहीं अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से इंटरचेंज सुविधा बंद कर दी गई है. छात्रों के आंदोलन के बाद उठाए गए इस कदम से सामान्य यात्रियों को भी बड़ी असुविधा हो सकती है.
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 24 जुलाई (शुक्रवार) को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. CJP नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है.
CJP ने X पर एक पोस्टर शेयर करते हुए सभी से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. पार्टी ने छात्र संगठनों और अन्य संस्थाओं से सहयोग करने और प्रदर्शन की अनुमति व व्यवस्था के लिए मिलकर काम करने को कहा है.
केंद्र सरकार ने गुरुवार को छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत करने की इच्छा दोहराई, जबकि CJP ने कहा कि उन्हें सरकार की ओर से अभी कोई संदेश नहीं मिला है. पार्टी जंतर मंतर या किसी तटस्थ जगह पर बातचीत के लिए तैयार है.
