Last Updated:
Delhi Accident: दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमेरिका में पढ़ाई कर रहे 20 साल के यशवेंद्र की मौत हो गई. वह भारतीय सेना के एक अधिकारी का बेटा था और छुट्टियों में भारत आया हुआ था. नांगल देवत रेड लाइट के पास तेज मोड़ पर कार फिसलकर नाले में पलट गई. हादसे के समय उसके साथ उसकी महिला मित्र भी मौजूद थी, जो घायल हो गई. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सड़क पर फिसलन हादसे की वजह सामने आई है. मामले की जांच जारी है.
दिल्ली के वसंत कुंज में दर्दनाक सड़क हादसा.
Delhi Accident: दिल्ली में शुक्रवार की सुबह एक ऐसा सड़क हादसा हुआ जिसने कुछ ही सेकंड में एक परिवार की खुशियां छीन लीं. अमेरिका में हायर एजुकेशन कर रहा 20 साल के यशवेंद्र छुट्टियों में अपने घर आया था. परिवार के साथ वक्त बिताने का यह दौरा जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज के पास नांगल देवत रेड लाइट पर तेज रफ्तार कार अचानक फिसली, ड्राइवर का नियंत्रण छूटा और कार सीधे नाले में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि कार पलट गई. यशवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में उसकी महिला दोस्त घायल हुई है, जिसका इलाज चल रहा है. शुरुआती जांच में फिसलन भरी सड़क और तेज मोड़ को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है.
पुलिस के अनुसार यशवेंद्र और उसकी महिला मित्र अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. दोनों छुट्टियों में भारत आए थे और दोस्त के घर से लौट रहे थे. रास्ते में नांगल देवत रेड लाइट के पास कार अनियंत्रित हो गई. कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी नाले में पलट चुकी थी. सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार यशवेंद्र और उसकी महिला मित्र अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं.
कैसे हुआ वसंत कुंज का दर्दनाक हादसा?
- दिल्ली पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को वसंत कुंज साउथ थाना क्षेत्र में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें जानलेवा सड़क हादसे की सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक कार नाले में पलटी हुई है. जांच में पता चला कि 20 वर्षीय यशवेंद्र कार चला रहा था, जबकि कार उसकी महिला मित्र की थी. दोनों पिछली रात एक दोस्त के घर रुके थे और सुबह महिला के घर जा रहे थे. नांगल देवत रेड लाइट के पास तेज मोड़ पर कार फिसल गई और चालक का नियंत्रण छूटने से वाहन सीधे नाले में जा गिरा.
- हादसे में यशवेंद्र को गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. महिला सह-यात्री को भी चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
- दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, ‘थाना वसंत कुंज साउथ में एक जानलेवा सड़क दुर्घटना के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि यशवेंद्र (उम्र लगभग 20 साल) अपनी महिला मित्र के साथ कार चला रहा था. दोनों पिछली रात अपने दोस्त के घर रुके थे और सुबह उसके घर जा रहे थे. नांगल देवत रेड लाइट के पास तेज मोड़ लेते समय चालक ने कथित तौर पर फिसलन भरी सड़क की वजह से वाहन पर नियंत्रण खो दिया. कार एक नाले में गिरकर पलट गई. यशवेंद्र घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई.’
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक कार नाले में पलटी हुई है.
अमेरिका में साथ पढ़ते थे दोनों दोस्त
पुलिस की जांच में सामने आया है कि यशवेंद्र और उसकी महिला मित्र अमेरिका के एक ही संस्थान में हायर एजुकेशन कर रहे हैं. वहीं दोनों की दोस्ती हुई थी. छुट्टियों के दौरान दोनों भारत आए थे. दुर्घटना के समय जिस कार में वे सवार थे, वह महिला सह-यात्री की थी, लेकिन उसे यशवेंद्र चला रहा था. महिला के पिता ओखला स्थित एक निजी कंपनी में साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं.
आर्मी अफसर के बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यशवेंद्र भारतीय सेना के एक अधिकारी का बेटा था. अमेरिका में पढ़ाई कर रहा बेटा जब छुट्टियों में घर लौटा तो परिवार ने शायद ही सोचा होगा कि यह मुलाकात आखिरी साबित होगी. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
रास्ते में नांगल देवत रेड लाइट के पास कार अनियंत्रित हो गई.
महिला दोस्त ने बताया हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार महिला सह-यात्री के बयान में कहा गया है कि दुर्घटना सड़क पर फिसलन होने की वजह से हुई. पुलिस ने अपने बयान में कहा, ‘महिला सह-यात्री के बयान के अनुसार दुर्घटना फिसलन भरी सड़क की वजह से हुई. आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.’ फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वाहन की तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की विस्तृत जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की अंतिम वजह स्पष्ट हो सकेगी.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…
और पढ़ें
