यूपी के इन जिलों में 12 अगस्त तक बंद रहेंगे स्कूल, अन्य राज्यों में भी जानें छुट्टी का स्टेटस

Last Updated:

Schools Closed Due to Kanwar Yatra and Heavy Rainfall: उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों से लेकर केरल तक में अगले कई दिन स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. पश्चिमी यूपी में कांवड़ यात्रा की वजह से स्कूल बंद हैं तो केरल में भारी बारिश का तांडव है. जानिए देशभर में कहां-कहां स्कूल बंद हैं.

Schools Closed: स्कूल के लिए निकलने से पहले छुट्टी का अपडेट जरूर चेक कर लें

नई दिल्ली (Schools Closed Kanwar Yatra and Heavy Rainfall). देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बदला मिजाज और धार्मिक आयोजनों का असर स्कूली शिक्षा पर देखने को मिल रहा है. एक तरफ उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में कांवड़ यात्रा की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान किया गया है. वहीं दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के राज्य केरल में कुदरत का कहर टूट पड़ा है, जहां मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक जाम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 12 अगस्त तक शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया गया है. दूसरी तरफ, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद केरल के 10 से ज्यादा जिलों में आज यानी 3 अगस्त को सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर में छुट्टी घोषित कर दी गई थी. जानिए दोनों राज्यों के स्कूलों में छुट्टी के फैसले की हर डिटेल.

गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बड़ा आदेश जारी किया है. जनपद के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, प्राइवेट और मान्यता प्राप्त स्कूलों में 4 अगस्त से 12 अगस्त तक अवकाश रहेगा. कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ और व्यापक रूट डायवर्जन के कारण स्कूली बसों के संचालन में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है.

मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी लंबी छुट्टियों का ऐलान

गाजियाबाद के अलावा पश्चिमी यूपी के अन्य प्रमुख जिलों में भी प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं:

  • मेरठ: कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए जिले के सभी स्कूल और कॉलेज 3 अगस्त से 12 अगस्त (10 दिन) तक बंद रहेंगे.
  • मुजफ्फरनगर: कांवड़ मेले के रूट को सुरक्षित रखने के लिए शिक्षण संस्थानों में 3 अगस्त से 10 अगस्त (8 दिन) तक की छुट्टी की घोषणा की गई है.

केरल में आसमानी आफत, बारिश के चलते 10 जिलों में छुट्टी

दक्षिण भारत के राज्य केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है. मौसम विभाग की तरफ से जारी भारी बारिश की चेतावनी के बाद केरल प्रशासन ने 3 अगस्त को पलक्कड़, पथानामथिट्टा, कन्नूर, कोझिकोड, कासरगोड, वायनाड, मलप्पुरम, त्रिशूर, कोट्टायम और इडुक्की में मुकम्मल छुट्टी का ऐलान किया है. इन इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. स्टूडेंट्स को कल यानी 04 अगस्त 2026 को भी स्कूल जाने से पहले अपडेट चेक करने की सलाह दी जाती है.

आंगनवाड़ी से लेकर ट्यूशन सेंटर तक बंद

केरल में बारिश के खतरे को देखते हुए यह पाबंदी सिर्फ सामान्य स्कूलों या कॉलेजों तक सीमित नहीं है. सरकारी आदेश के अनुसार सभी प्रोफेशनल कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र, मदरसे, कोचिंग क्लासेस और ट्यूशन सेंटर भी बंद रहेंगे. प्रशासन का साफ तौर पर कहना है कि किसी भी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को जोखिम में नहीं डाला जा सकता और स्थिति सामान्य होने तक अलर्ट जारी रहेगा.

पेरेंट्स और स्टूडेंट्स के लिए जरूरी सलाह

उत्तर प्रदेश हो या केरल, दोनों ही राज्यों में प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे सरकारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें. यूपी में कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर जाने से बचें और डायवर्जन प्लान का ध्यान रखें. वहीं केरल के प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को जलजमाव और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आपात स्थिति में लोकल अथॉरिटी से संपर्क करने की हिदायत दी गई है.

About the Author

Deepali PorwalSenior Sub Editor

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is kno…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *