Last Updated:
ajinkya rahane joined etpl team amsterdam flames: अजिंक्य रहाणे ने यूरोप में इसी महीने के अंत में शुरू होने वाली नई लीग यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में खेलने के लिए करार किया है. वह एम्स्टर्डम फ्लेम्स टीम से खेलेंगे. टीम ने उन्हें मार्की प्लेयर बनाया है. यह यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला ही सीजन होगा, जिसमें 6 टीमें हिस्सा लेंगी. इसके मुकाबले नीदरलैंड और आयरलैंड में खेले जाएंगे.
अजिंक्य रहाणे यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग की टीम एम्स्टर्डम फ्लेम्स से जुड़े.
नई दिल्ली. भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया. संन्यास के हफ्तेभर बाद ही इस स्टार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. रहाणे अब नीदरलैंड और आयरलैंड में क्रिकेट खेलने वाले हैं. दरअसल, भारत के पूर्व कप्तान शुक्रवार को बतौर ‘मार्की’ खिलाड़ी शुरूआती यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) में एम्सटर्डम फ्लेम्स टीम से जुड़ गए. रहाणे ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा वाले दिन ही उन्हें यह पेशकश हुई और वह इसके जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं. यह टूर्नामेंट 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड के डबलिन और नीदरलैंड के ‘द हेग’ में खेला जाएगा.
पिछले महीने के अंत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले रहाणे ने ईटीपीएल द्वारा आयोजित इंटरव्यू में कहा, ‘यह मेरे लिए शानदार मौका है. जब मैंने संन्यास की घोषणा की, उसी दिन मुझे यह पेशकश मिली. मैंने एक दिन सोचने के लिए लिया. फ्लेम्स के सह-मालिक स्टीव वॉ ने खुद मुझे फोन किया और पूछा कि क्या मैं उनकी टीम के लिए खेलना चाहूंगा.’
अजिंक्य रहाणे
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे पास वर्षों का अनुभव है. मैं एक निश्चित तरीके और दृष्टिकोण के साथ लंबे समय तक क्रिकेट खेलता रहा. मुझे लगा कि यह मेरे लिए दुनिया भर में प्रभाव छोड़ने और अपने अनुभव को अन्य खिलाड़ियों के साथ साझा करने का बेहतरीन मौका है. मैं ईटीपीएल के साथ इस सफर के लिए उत्साहित हूं.’
रहाणे ने लीग की संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि इससे यूरोप में क्रिकेट के विकास को नयी गति मिलेगी. उन्होंने कहा, ‘अगर आप यूरोपीय टीम को देखें तो आयरलैंड और नीदरलैंड जैसी टीम लगातार आगे बढ़ रही हैं. आयरलैंड ने हाल में भारत के खिलाफ सीरीज जीती है और नीदरलैंड भी बीच बीच में शानदार प्रदर्शन करता रहा है.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने उनके खिलाफ वर्ल्ड कप सहित कई मुकाबले खेले हैं. क्रिकेट के प्रति उनका जुनून, सीखने की ललक और टीम के रूप में बेहतर बनने की भूख सचमुच शानदार है.’
स्टीव-मार्श जैसे स्टार्स के साथ खेलेंगे
रहाणे का मानना है कि कम अनुभवी यूरोपीय खिलाड़ियों को स्टीव स्मिथ, मिचेल मार्श जैसे बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों से सीखने का मौका मिलेगा. उन्होंने कहा, ‘ईटीपीएल उन्हें अलग-अलग और इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव देगा. इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ खेलने से वे बहुत कुछ सीखेंगे. यह उनके लिए शानदार मंच है. मैं भी वहां जाकर अपना अनुभव साझा करने और सकारात्मक प्रभाव छोड़ने के लिए उत्सुक हूं.’ एम्सटर्डम फ्लेम्स के सह-संस्थापक और मुख्य क्रिकेट अधिकारी स्टीव वॉ ने कहा, ‘एक प्रोफेशनल क्रिकेटर में जो कौशल, संयम और नेतृत्व काबिलियत होनी चाहिए, वो सभी रहाणे में हैं. अपने पूरे करियर में उन्होंने सिर्फ प्रदर्शन से ही नहीं बल्कि मैदान के अंदर और बाहर अपने बर्ताव से भी क्रिकेट जगत में अपार सम्मान हासिल किया है.’
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
