एक टहनी से तैयार होंगे कई नए पौधे! मानसून में अपनाएं ये आसान गार्डनिंग ट्रिक

Tips And Trics : अगर आप भी बिना ज्यादा खर्च किए अपने घर की बालकनी या गार्डन को हरियाली से भरना चाहते हैं, तो मानसून का मौसम सबसे अच्छा मौका है. इस मौसम में कई पौधे सिर्फ उनकी एक छोटी-सी टहनी (कटिंग) से आसानी से तैयार किए जा सकते हैं. सही तरीका अपनाकर आप एक पौधे से कई नए पौधे तैयार कर सकते हैं और नर्सरी से बार-बार पौधे खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

गार्डनिंग एक्सपर्ट राजेश बताते हैं कि बारिश के मौसम में मिट्टी में नमी बनी रहती है, जिससे कटिंग जल्दी जड़ पकड़ती है. यही वजह है कि इस समय पौधों की नई पौध तैयार करने की सफलता की संभावना अन्य मौसमों की तुलना में काफी अधिक रहती है.

रोगमुक्त पौधे की 5 से 8 इंच लंबी टहनी चुनें
अगर आपके घर में गुलाब, गुड़हल, मनी प्लांट, जेड प्लांट या स्नेक प्लांट पहले से मौजूद है, तो इन्हीं से नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले किसी स्वस्थ और रोगमुक्त पौधे की 5 से 8 इंच लंबी टहनी चुनें. कटिंग में कम से कम 2 से 3 नोड (गांठ) होना जरूरी है, क्योंकि इन्हीं हिस्सों से नई जड़ें निकलती हैं.

ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप न पड़े
अब एक गमले में बगीचे की मिट्टी, रेत और जैविक खाद या कोकोपीट का मिश्रण भरें. मिट्टी भुरभुरी और पानी निकालने वाली होनी चाहिए. कटिंग के निचले हिस्से की पत्तियां हटाकर उसे मिट्टी में हल्के हाथों से लगा दें और तुरंत हल्का पानी दें. इसके बाद गमले को ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप न पड़े, लेकिन पर्याप्त रोशनी मिलती रहे.

शुरुआती 15 से 20 दिनों तक मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना सबसे जरूरी होता है. जरूरत से ज्यादा पानी देने से कटिंग सड़ भी सकती है. जब नई पत्तियां निकलने लगें, तो समझिए कि पौधे ने जड़ पकड़ ली है. इसके बाद धीरे-धीरे इसे सामान्य धूप में रखा जा सकता है.

कटिंग से पौधे तैयार करना न केवल सस्ता और आसान तरीका है, बल्कि इससे पसंदीदा पौधों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है. अगर आप भी इस मानसून अपने घर को हरियाली से सजाना चाहते हैं, तो गुलाब, गुड़हल, मनी प्लांट, जेड प्लांट और स्नेक प्लांट की कटिंग लगाकर शुरुआत कर सकते हैं. थोड़ी-सी देखभाल और धैर्य के साथ कुछ ही हफ्तों में नई पौध तैयार हो जाएगी और आपका किचन गार्डन या बालकनी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत नजर आएगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *