MG का ग्राहकों को झटका! नहीं हो रही सेल, फिर भी 1.5 लाख रुपये महंगी कर दी ये SUV

JSW MG Motor India ने Gloster SUV के सक्सेसर के रूप में MG Majestor को पेश किया है. ये बड़े आकार की एसयूवी Toyota Fortuner जैसी गाड़ियों को सीधी चुनौती देती है. 2025 के भारत मोबिलिटी एक्सपो में दिखाने के बाद फरवरी 2026 में इसे अनवील किया गया था. मई 2026 में लॉन्च के साथ कंपनी ने इसे सिर्फ एक टॉप-स्पेक सैवी ट्रिम में पेश किया, जिसमें 4X2 और 4X4 दोनों विकल्प उपलब्ध हैं.

लॉन्च के महज तीन महीने बाद ही अगस्त 2026 में मेजेस्टर को पहला प्राइस हाइक मिला है. ये बढ़ोतरी एक्स-शोरूम कीमत पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की है. कंपनी ने अभी ये स्पष्ट नहीं किया है कि कीमत बढ़ने के साथ फीचर्स या इक्विपमेंट में कोई इजाफा हुआ है या नहीं. पहले से ही इस SUV को खास ग्राहक नहीं मिल रहे हैं. अब कीमत बढ़ने के बाद इसकी सेल में क्या फर्क आएगा? ये सबसे बड़ा सवाल है.

MG Majestor की नई कीमत

एमजी मेजेस्टर वर्तमान में सिर्फ सैवी ट्रिम में उपलब्ध है. लॉन्च पर सैवी 4X2 (6सीटर और 7सीटर) की कीमत 40.99 लाख रुपये थी, जबकि 4X4 7 सीटर 44.99 लाख रुपये में मिल रही थी. अगस्त 2026 के प्राइस हाइक के बाद दोनों 4X2 वेरिएंट्स की एक्स-शोरूम कीमत बढ़कर 42.49 लाख रुपये हो गई है. 4X4 वेरिएंट की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है और ये 44.99 लाख रुपये पर ही उपलब्ध है. आइए अब इसकी डिज़ाइन से लेकर इंजन-परफ़ॉर्मेंस तक एक नज़र डालते हैं.

डिजाइन और इंटीरियर

मोज़ेक मैट्रिक्स ग्रिल, ड्रैगन आई डीआरएल, स्प्लिट हेडलैम्प्स, कनेक्टेड एलईडी टेल लाइट्स और 19 इंच अलॉय व्हील्स इसे अलग पहचान देते हैं. 5046 मिमी लंबाई, 2016 मिमी चौड़ाई और 1870 मिमी ऊंचाई के साथ ये सेगमेंट में सबसे बड़ी एसयूवी है. इसका व्हीलबेस 2950 मिमी है. इंटीरियर पूरी तरह ब्लैक थीम में तैयार किया गया है. सॉफ्ट-टच मटीरियल, लेदर अपहोल्स्ट्री और प्रीमियम फिनिश केबिन को लग्जरी अनुभव देते हैं. 6-सीटर में कैप्टन सीट्स और 7-सीटर विकल्प उपलब्ध हैं.

फीचर्स और सेफ्टी

फीचर्स में 12.3 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, 12.3 इंच डिजिटल क्लस्टर, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो/एपल कारप्ले, 12 स्पीकर जेबीएल साउंड सिस्टम, पैनोरामिक सनरूफ, 64 कलर एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड और मसाज फ्रंट सीट्स, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, डुअल वायरलेस चार्जर और पावर्ड टेलगेट शामिल हैं. सेफ्टी में 6 एयरबैग्स, 360 डिग्री कैमरा, ईएससी, टीपीएमएस, हिल होल्ड और लेवल-2 एडास (एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटो इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन आदि) दिए गए हैं.

इंजन और परफॉरमेंस

इंजन 2.0 लीटर ट्विन-टर्बो डीजल है, जो 215.5 पीएस पावर और 478.5 एनएम टॉर्क पैदा करता है. ये 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़ा है. 4X4 में ट्रिपल डिफरेंशियल लॉक, 10 ऑफ-रोड मोड्स और एम-क्रॉल फंक्शन उपलब्ध हैं. ग्राउंड क्लियरेंस 219 मिमी और वाटर वेडिंग क्षमता 810 मिमी है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *