Delhi NCR Rain Live: दिल्ली-NCR में बारिश ने शनिवार को लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. दो दिन से लगातार हो रही बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा और हरियाणा के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी नजर आईं. कहीं एक से दो फीट तक पानी भर गया तो कहीं गाड़ियां बीच सड़क पर बंद पड़ गईं. जलभराव के कारण कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम लगा. दफ्तर जाने वाले लोगों को घंटों रास्ते में फंसे रहना पड़ा. हालात ऐसे बने कि कुछ ऑफिस और संस्थानों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा तक दे दी. इस बीच मौसम विभाग यानी IMD ने दिल्ली के लिए दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यानी बारिश की मुश्किल अभी खत्म नहीं हुई है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
बारिश के कारण सिर्फ ट्रैफिक ही प्रभावित नहीं हुआ, बल्कि कई इलाकों में रोजमर्रा की जिंदगी भी पटरी से उतर गई. दिल्ली के वसंत कुंज, ओखला मोड़, कालिंदी कुंज और दिल्ली-कर्नाल रोड समेत कई जगह जलभराव रहा. नोएडा में भी सेक्टर 16, 18, 3 और 4 से लेकर महामाया फ्लाईओवर तक पानी जमा रहा. कई बाइक और वाहन पानी में फंस गए. उधर, यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद कालिंदी कुंज भोला घाट पर NDRF की टीमें तैनात की गई हैं. बारिश के बीच दिल्ली में एक युवक के नाले में बहने की घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है.
यमुना का जलस्तर 204.08 मीटर, चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा
यमुना में शाम 5 बजे 11,195 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इससे पहले सुबह 9 बजे करीब 15,000 क्यूसेक और रात 1 बजे करीब 16,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. अधिकारियों के अनुसार, हर घंटे पानी छोड़ने का आंकड़ा लगभग इसी स्तर के आसपास रहा है. शाम 5 बजे यमुना का जलस्तर 204.08 मीटर दर्ज किया गया, जो दिल्ली में पुल पर निर्धारित चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के करीब है. यमुना का खतरे का स्तर 205.33 मीटर, जबकि उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 208.66 मीटर है.
दिल्ली में दो फीट तक पानी, सड़कों पर लगा लंबा जाम
शुक्रवार की तेज बारिश के बाद शनिवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी रही. ओखला मोड़ पर एक से दो फीट तक पानी जमा होने की जानकारी सामने आई. पानी कम होने के बाद कुछ जगह ट्रैफिक चलना शुरू हुआ, लेकिन सड़क पर जमा पानी ने रफ्तार धीमी रखी. दिल्ली-कर्नाल रोड पर लाल किले के पीछे दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन फटने से भी सड़क पर पानी भर गया. पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की आवाजाही संभालने के लिए डायवर्जन किया.
शूटिंग रेंज रोड पर भी बारिश ने ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ दी. यह सड़क दिल्ली को फरीदाबाद से जोड़ती है. शुक्रवार रात तुगलकाबाद से सूरजकुंड और फरीदाबाद की तरफ जाने वाले वाहन लंबे जाम में फंसे रहे. कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. दूसरी ओर, नोएडा के सेक्टर 16, सेक्टर 18, सेक्टर 3 और सेक्टर 4 में भी पानी भर गया. महामाया फ्लाईओवर के नीचे हालात और खराब रहे. कई वाहन पानी में फंसने के बाद बंद हो गए.
नोएडा में 20 मिनट का सफर बना करीब 2 घंटे का
बारिश के बाद नोएडा में भी लोगों की परेशानी साफ नजर आई. एक यात्री ने बताया कि कालिंदी कुंज से कश्मीरी गेट जाते समय महामाया फ्लाईओवर के नीचे भारी जलभराव मिला. पानी इतना था कि उसकी बाइक बंद हो गई. कई दूसरे लोगों की बाइक भी रास्ते में खराब हो गईं. एक अन्य यात्री ने बताया कि फिल्म सिटी से सेक्टर-4 होते हुए घर पहुंचने में करीब 1 घंटे 45 मिनट लगे. सामान्य दिनों में यही सफर लगभग 20 मिनट में पूरा हो जाता है.
हरियाणा में भी बारिश ने बढ़ाई परेशानी
दिल्ली से सटे हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति रही. भिवानी में कई सड़कें पानी में डूबी नजर आईं. चरखी दादरी में भी पानी जमा होने से यातायात और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं. लगातार बारिश ने एक बार फिर ड्रेनेज सिस्टम और नालों की सफाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. कई जगह पानी की निकासी धीमी होने से सड़कें लंबे समय तक जलमग्न रहीं.
IMD का ऑरेंज अलर्ट, अभी और बरसेगा पानी
मौसम विभाग ने दिल्ली में दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. शनिवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. शुक्रवार की बारिश के चलते सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम था.
सरिता विहार में नाले में बहा 18 साल का युवक
बारिश के बीच दिल्ली के सरिता विहार इलाके से एक परेशान करने वाली खबर भी सामने आई. शुक्रवार रात नोएडा से घर लौट रहा करीब 18 वर्षीय अंकित अली गांव के पास प्रियंका कैंप नाले के नजदीक पानी में फिसल गया. तेज बहाव के कारण वह नाले में बह गया. पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद एसआई रोशन लाल पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने भी युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि बचाव प्रयास सफल नहीं हो सके.
यमुना पर भी नजर, NDRF की टीमें तैनात
लगातार बारिश के बीच यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. स्थिति को देखते हुए कालिंदी कुंज भोला घाट पर NDRF की टीमें तैनात की गई हैं. टीमों को स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर एहतियाती कदम उठाने के लिए लगाया गया है. प्रशासन की ओर से लोगों से जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है. IMD के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए आने वाले दिनों में भी दिल्ली-NCR के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
