Last Updated:
बॉलीवुड में कई जोड़ियां ऐसी हैं जिन्होंने साथ में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं. जैसे सलीम-जावेद, अजय देवगन-रोहित शेट्टी समेत कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने साथ में कई कालजयी फिल्में बनाई हैं. गोविंदा और डेविड धवन भी एक ऐसा ही नाम है जिन्होंने साथ में 17 फिल्में दीं जिनमें ज्यादातर हिट हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ ने एक ही डायरेक्टर के साथ 17 फिल्मों में काम किया था. गोविंदा को ‘हीरो नंबर 1’ बनाने वाले और कोई नहीं बल्कि डेविड धवन थे. इस जोड़ी ने कुल 17 फिल्मों में साथ काम किया था जिनमें 11 बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं. लंबे समय तक काम करने के बाद इस जोड़ी का याराना टूट गया.
गोविंदा ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बताया कि कैसे 17 फिल्मों के बात डेविड धवन के साथ उनका याराना टूट गया और इस जोड़ी ने इसके बाद साथ काम नहीं किया. एक्टर कहते हैं कि वो डायरेक्टर के साथ 18 और 19वीं फिल्में भी करना चाहते थे.
डेविड धवन और गोविंदा अक्सर कॉमेडी फिल्मों के लिए साथ आते थे. दोनों ने शोला और शबनम, आंखें, राजा बाबू, कुली नंबर 1, साजन चले ससुराल, ‘हीरो नंबर 1’, दीवाना मस्ताना, बड़े मियां छोटे मियां, हसीना मान जाएगी, जोड़ी नंबर 1, पार्टनर जैसी फिल्में दी हैं. इनमें 11 फिल्में हिट रही हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एएनआई को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने डेविड धवन की जमकर तारीफ की. उन्होंने निर्देशक को बेहद खास इंसान बताते हुए कहा कि वह गॉड चाइल्ड हैं. गोविंदा कहते हैं कि डेविड धवन ने उनके साथ काम किया है लेकिन जब उनको लगा कि वो अब एक्टर के साथ आगे नहीं जा सकते हैं तो उन्होंने ये जोड़ी तोड़ दी.
गोविंदा कहते हैं, ‘मैंने और डेविड धवन ने साथ में 17 फिल्में की थीं. डेविड भगवान का बच्चा है. जैसे ही उसे लगा कि अब वो मेरे साथ और आगे नहीं जा सकता है तो उसने तुरंत मेरे साथ काम करना बंद कर दिया. मैं डेविड धवन के साथ 18वीं और 19वीं फिल्में भी करना चाहता था लेकिन वो नहीं करना चाहते थे’.
‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा आगे कहते हैं कि डेविड धवन के साथ भले ही उनका कोलैबोरेशन खत्म हो गया, लेकिन पर्सनल तौर पर उनका रिश्ता काफी अच्छा है. वो आज भी एक-दूसरे के साथ काफी अच्छी बॉन्डिंग शेयर करते हैं.
गोविंदा ने कहा कि वो आज भी डेविड धवन का अच्छा चाहते हैं. एक्टर कहते हैं कि कभी-कभी वो डेविड धवन से नाराज हो जाते थे और उन्हें गुस्से में फोन करते थे लेकिन डायरेक्टर ने फिर भी कभी शिकायत नहीं की और हमेशा उनकी बात समझी.
डेविड धवन की आखिरी फिल्म बेटे वरुण धवन के साथ थी. ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को डेविड के करियर की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है. गोविंदा कहते हैं कि इस फिल्म की रिलीज से पहले उन्होंने सोचा कि डेविड को कॉल करना चाहिए और उनसे मिलना चाहिए. एक्टर के मुताबिक फिल्म की रिलीज के बाद जब डायरेक्टर ने उन्हें कॉल किया तो कहा कि तू अपनी तकलीफ से निकल पहले.
