Last Updated:
Noida News: नोएडा की चमचमाती हाईराइज सोसाइटियों में जीवनभर की गाढ़ी कमाई लगाकर आशियाना खरीदने वाले लोग अब अपने ही घरों में खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्लास्टर गिरने से हुई दर्दनाक मौत के बाद प्रशासनिक दावों की हवा निकलती दिख रही है. ताजा मामला नोएडा सेक्टर-78 स्थित आदित्य अर्बन कासा सोसाइटी का है, जहां अचानक छत का भारी-भरकम प्लास्टर टूटकर गिर गया. हादसे में एक लग्जरी कार चकनाचूर हो गई और कई लोग बाल-बाल बचे. इस घटना ने एक बार फिर बिल्डर, एओए और निर्माण की घटिया गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Noida News: नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने वाले लोगों के सामने अब एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या उनका आशियाना वास्तव में सुरक्षित है? आए दिन सोसाइटियों में छत और दीवारों से प्लास्टर टूटकर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में छत का प्लास्टर गिरने से एक युवक की मौत के बाद शासन-प्रशासन ने ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेने की बात कही थी, लेकिन कुछ समय बाद हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौटते दिखाई दे रहे हैं. ताजा मामला नोएडा के सेक्टर-78 स्थित आदित्य अर्बन कासा सोसाइटी का है, जहां प्लास्टर टूटकर गिरने की घटनाओं से निवासी और यहां आने वाले लोग डर के साए में हैं.
पार्किंग में खड़ी लग्जरी गाड़ी पर गिरा प्लास्टर
सोसाइटी में शनिवार को एक बार फिर प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. गनीमत रही कि जिस वक्त यह प्लास्टर गिरा, वहां से गुजर रहे लोग उसकी चपेट में नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, इसी रात में गिरे प्लास्टर ने पार्किंग में खड़ी एक लग्जरी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. कार मालिक वंश मोजा कश्मीर से अपने दोस्त से मिलने सोसाइटी आए थे. उनका कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पार्किंग में खड़ी उनकी कार के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर आ गिरेगा. घटना में कार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है. हादसे के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
बिल्डर और AOA की खींचतान में पिस रहे निवासी
सोसाइटी निवासी अभिषेक राजपूत ने बताया कि यहां प्लास्टर गिरने की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं. आए दिन कहीं न कहीं से प्लास्टर टूटकर गिरने की शिकायत सामने आती रहती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा. उनका आरोप है कि जब निवासी मेंटेनेंस टीम से शिकायत करते हैं तो जिम्मेदारी बिल्डर पर डाल दी जाती है, जबकि बिल्डर की ओर से कहा जाता है कि सोसाइटी एओए (AOA) को सौंप दी गई है. ऐसे में निवासी आखिर शिकायत लेकर जाएं तो जाएं कहां? उनका कहना है कि शनिवार को भी एक तरफ प्लास्टर गिरने से लोग बाल-बाल बचे, वहीं रात में गिरे प्लास्टर ने एक कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
गाढ़ी कमाई के आशियाने में भी नहीं महसूस हो रही सुरक्षा
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लोग अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी कमाई लगाकर फ्लैट खरीदते हैं, तो उन्हें अपने ही घर और सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर डर क्यों होना चाहिए? हाईराइज इमारतों में प्लास्टर गिरना केवल संपत्ति के नुकसान का मामला नहीं है, बल्कि यह कभी भी किसी बड़े हादसे में बदल सकता है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की घटना में जान जाने के बाद भी अगर ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, तो निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.
About the Author
Rahul Goyal is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations …
और पढ़ें
