Last Updated:
Delhi Street Food in Monsoon: दिल्ली में बारिश के मौसम में चाय, पकौड़े, कचौड़ी और चाट का मजा लेना है? तो आप इन जगहों पर आ जाएं. दिल्ली की चांदनी चौक, प्रभु चाट भंडार, सरोजिनी नगर, नॉर्थ कैंपस और मजनू का टीला बेहतरीन जगहें हैं. यहां परआपको कचौड़ी-पकौड़े से लेकर मोमोज तक सारा ऑप्शन मिलेगा.
नई दिल्ली: दिल्ली की बारिश और गरमा-गरम चटपटे खाने का स्वाद भला इसका मजा कौन नहीं लेना चाहेगा? आसमान में बादल छाते ही राजधानी की सड़कों पर चाय, पकौड़े, कचौड़ी और चाट की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींचने लगती है. बारिश में भीगते हुए अगर हाथ में गरमा-गरम स्नैक और साथ में मसालेदार चटनी मिल जाए, तो मौसम का मजा दोगुना हो जाता है. अगर आप भी इस मानसून में कुछ मसालेदार और स्वादिष्ट खाने का प्लान बना रहे हैं, तो दिल्ली की इन जगहों का रुख कर सकते हैं. आइए जानते हैं इन चटपटी जगहों के बारे में.
चांदनी चौक की कचौड़ी और चाट
बारिश के मौसम में पुरानी दिल्ली की गलियों का अपना ही अलग स्वाद है. चांदनी चौक पहुंचकर गरमा-गरम कचौड़ी, समोसा या चाट का मजा लिया जा सकता है. बारिश की बूंदों के बीच मसालेदार चटनी और गर्मागर्म कचौड़ी का कॉम्बिनेशन खाने के शौकीनों को खूब पसंद आता है.
यूपीएससी के पास प्रभु चाट भंडार
प्रभु चाट भंडार चाट पसंद करने वालों के लिए जाना-पहचाना नाम है. यहां की आलू टिक्की और चाट बारिश के मौसम में एक बढ़िया ऑप्शन हो सकती है. गरमा-गरम टिक्की के ऊपर दही, चटनी और मसालों का स्वाद इसे और खास बना देता है. यहां की आलू टिक्की को मानसून में ट्राई करने की सलाह कई फूड गाइड्स भी देते हैं.
सरोजिनी नगर के पकौड़े
बारिश और पकौड़ों का रिश्ता पुराना है. अगर आपको अलग-अलग तरह के पकौड़े पसंद हैं, तो सरोजिनी नगर की तरफ रुख कर सकते हैं. यहां गर्मागर्म पकौड़ों के साथ चाय का मजा बारिश को और सुहाना बना देता है. खासकर प्याज, पनीर और आलू के पकौड़े बारिश के मौसम में लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं.
नॉर्थ कैंपस की मसाला मैगी
बारिश में अगर कुछ गरमा-गरम, मसालेदार और झटपट खाने का मन हो तो नॉर्थ कैंपस की मैगी भी ट्राई की जा सकती है. टॉम अंकल्स जैसे लोकप्रिय स्टॉल्स ने मैगी को अलग-अलग फ्लेवर के साथ युवाओं के बीच काफी पसंदीदा बना दिया है. चीज, कॉर्न, बटर और मसालेदार मैगी का कॉम्बिनेशन खासकर कॉलेज स्टूडेंट्स को खूब पसंद आता है.
मोमोज के लिए मजनू का टीला
बारिश में तीखी चटनी के साथ गरमा-गरम मोमोज खाने का मजा ही अलग है. मजनू का टीला इस तरह के स्ट्रीट फूड के लिए दिल्ली की पसंदीदा जगहों में शामिल है. यहां दोस्तों के साथ घूमते हुए स्टीम्ड या तंदूरी मोमोज के साथ कोई गर्म पेय लिया जा सकता है. मानसून में मोमोज और तीखी चटनी का कॉम्बिनेशन खाने के शौकीनों को खासा पसंद आता है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें
