Last Updated:
दिल्ली में मेहरौली-बदरपुर (MB) रोड से गुजरने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है. मेट्रो कंस्ट्रक्शन वर्क के चलते 15 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक इस सड़क पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. सैनिक फार्म गेट नंबर-2 के पास मेट्रो के पोर्टल बीम कंस्ट्रक्शन के लिए एमबी रोड की एक कैरिजवे बंद की गई है. अब दोनों दिशाओं का ट्रैफिक बची हुई कैरिजवे से चलेगा. ऐसे में सुबह और शाम के पीक आवर्स में जाम और ट्रैफिक स्लो होने की आशंका है.
मेट्रो कंस्ट्रक्शन वर्क के चलते दिल्ली की मेहरौली-बदरपुर रोड पर 1 महीने तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. (एआई इमेज)
Delhi Gurugram MB Road: अगले एक महीने तक महरौली-बदरपुर रोड पर ट्रैफिक का ‘जहन्नुम’ जैसा हाल होने वाला है. ऐसे में, दिल्ली से गुड़गांव जाने वाले वाहन चालकों की भलाई इसी में है कि वे दिल्ली ट्रैंफिक पुलिस की बात मान लें. दरअसल, दिल्ली मेट्रो के कंस्ट्रक्शन वर्क के चलते करीब एक महीने तक इस रोड का एक कैरिजवे बंद रहेगा. ट्रैफिक मूवमेंट के लिए इस रोड पर एक ही कैरिजवे उपलब्ध होने के चलते भारी जाम होने की संभावना है. लिहाजा, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को इस रास्ते से परहेज कर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तहत तुगलकाबाद-एयरोसिटी कॉरिडोर का कंस्ट्रक्शन वर्क कर रहा है. इसी कॉरिडोर की एक पोर्टल बीम बनाने का काम सैनिक फार्म गेट नंबर-2 के पास से पिलर नंबर 40 और 37 के बीच चल रहा है. इस कंस्ट्रक्शन वर्क के चलते खानपुर की तरफ से साकेत मेट्रो की ओर जाने वाली एमबी रोड के एक कैरिजवे को बंद करने का फैसला लिया गया है. अब दोनों दिशाओं का ट्रैफिक बचे हुई कैरिजवे से चलेगा. सामान्य दिनों में इस रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है, एक कैरिजवे बंद होने के बाद कंजेशन बढ़ने की संभावना है.
15 अगस्त से 14 सितंबर तक रहेगा असर
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, यह रिस्ट्रिक्शन 15 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक करीब एक महीने के लिए लागू रहेगा. इस दौरान खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स में एमवी रोड पर ट्रैफिक ज्यादा स्लो हो सकता है. वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी जर्नी प्लान करें और सामान्य से ज्यादा ट्रैवल टाइम लेकर चलें. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को टेंपरेरी ट्रैफिक साइन, बैरिकेड्स और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
- ट्रैफिक पुलिस ने खानपुर टी-पॉइंट से साकेत मेट्रो स्टेशन के बीच एमवी रोड के स्ट्रेच से बचने की सलाह दी गई है. वाहन चालकों से कहा गया है कि ट्रैफिक जाम और देरी से बचने के लिए अल्टरनेट रूट का इस्तेमाल करें.
- लाडो सराय की तरफ से आने वाले वाहन चालक लाडो सराय टी-पॉइंट से अनुव्रत मार्ग, टीबी हॉस्पिटल, पीटीएस रेड लाइट, प्रेस एन्क्लेव रोड, शेख सराय रेड लाइट, बीआरटी कॉरिडोर और खानपुर लाइट होते हुए एमबी रोड पर पहुंच सकते हैं.
- खानपुर की तरफ से आने वाले लोग खानपुर टी-पॉइंट, बीआरटी कॉरिडोर, शेख सराय टी-पॉइंट, प्रेस एन्क्लेव रोड, पीटीएस टी-पॉइंट, अरबिंदो मार्ग और अनुव्रत मार्ग होते हुए लाडो सराय टी-पॉइंट की ओर जा सकते हैं.
- प्रमोद महाजन साइड से आने वाले वाहन चालक प्रेस एन्क्लेव रोड, बीआरटी कॉरिडोर की शेख सराय रेड लाइट और खानपुर लाइट होते हुए एमबी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं. मंदिर मार्ग साइड से आने वालों के लिए भी प्रेस एन्क्लेव रोड, शेख सराय रेड लाइट और खानपुर लाइट वाला रूट इस्तेमाल कर सकते हैं.
हेवी व्हीकल्स के लिए क्या है सलाह?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कमर्शियल और हेवी व्हीकल्स को इस स्ट्रेच से बचने और तय किए गए अल्टरनेट रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. साथ ही वाहन चालकों से कहा गया है कि जहां तक संभव हो अल्टरनेट रूट के साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट का भी इस्तेमाल करें.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
